Saturday 09-May-2026

PM मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना, ममता ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया

PM मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना, ममता ने जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार और हिंसा की खुली छूट चाहती है और यही वजह है कि ऐसे मामलों की जांच कर रही केंद्रीय एजेंसियों को राज्य में हमलों का सामना करना पड़ता है। जलपाईगुड़ी में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी दावा किया कि पश्चिम बंगाल में 'टीएमसी का सिंडिकेट राज' कायम है और पार्टी केवल अपने भ्रष्ट नेताओं को बचाने में रुचि रखती है। उन्होंने कहा, तृणमूल कांग्रेस सरकार बंगाल में लूटपाट और आतंक के लिए खुली छूट चाहती है। तृणमूल कांग्रेस अपने जबरन वसूली करने वाले और भ्रष्ट नेताओं को बचाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों के यहां आने पर उन पर हमले की साजिश रचती है।

मोदी की यह टिप्पणी एक दिन पहले राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम पर शनिवार को भीड़ द्वारा कथित तौर पर हमले के बाद आई है। यह घटना उस वक्त हुई थी, जब पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में 2022 के विस्फोट मामले में दो मुख्य संदिग्धों को एनआईए की ओर से गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया था। पुरुलिया जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और आयकर विभाग जैसी एजेंसियां भाजपा के ''हथियार'' के रूप में काम कर रही हैं।

उन्होंने कहा, टीएमसी नेताओं को परेशान करने के लिए एनआईए, ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वे बिना किसी पूर्व सूचना के छापेमारी कर रहे हैं और घरों में घुस रहे हैं। जब रात में सभी लोग सो रहे हों और कोई उनके घर में घुस जाए तो महिलाएं क्या करेंगी?

एनआईए की टीम पर शनिवार को हुए हमले ने पांच जनवरी की घटना की याद ताजा कर दी, जब सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कथित अनियमितताओं के संबंध में टीएमसी नेता शाहजहां शेख के घर पर तलाशी के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखालि में भीड़ ने ईडी की एक टीम पर हमला कर दिया था। जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी में रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने लोगों से इन चुनावों में टीएमसी को सबक सिखाने का आग्रह किया ताकि उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो जाए।'' उन्होंने कहा कि राज्य में हालात ऐसे हैं कि विभिन्न मामलों में ''अदालत को हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।

दूसरी ओर, ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां टीएमसी नेताओं से या तो भाजपा में शामिल होने या कार्रवाई का सामना करने के लिए कह रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने नेताओं के लिए सभी विश्राम गृह, लॉज और हेलीपैड बुक कर रही है, जिससे टीएमसी को वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सभी दलों को समान अवसर नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया, एनआईए यह पता लगाने के लिए गेस्ट हाउस में पूछताछ कर रही है कि क्या कोई टीएमसी नेता वहां रुका था। वे हमारी निगरानी कर रहे हैं।