टी20 विश्व कप जीतकर भारतीय क्रिकेट टीम विशेष विमान से गुरुवार को स्वदेश लौटी, जिसके बाद देश की राजधानी दिल्ली में टीम इंडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। पीएम मोदी से टीम इंडिया के मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत सहित सभी 15 खिलाड़ी और कोच राहुल द्रविड पीएम मोदी से उनके आवास पर मिले हैं।
#WATCH | Indian Cricket team meets Prime Minister Narendra Modi at 7, Lok Kalyan Marg.
— ANI (@ANI) July 4, 2024
Team India arrived at Delhi airport today morning after winning the T20 World Cup in Barbados on 29th June. pic.twitter.com/840otjWkic
पीएम मोदी से मुलाकात से पहले हवाई अड्डे पर प्रशंसकों ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था भी रही, जिससे प्रंशसक खिलाड़ियों के करीब नहीं पहुंच सके। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे सैकड़ों प्रशंसक मौसम की परवाह किए बिना नारे लिखे बैनर और राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी। बता दें कि पिछले शनिवार को टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।