Saturday 02-May-2026

यूपी को पीएम मोदी ने दी 19 हजार करोड़ की सौगात, बोले- पहले की सरकारों ने राज्य के विकास को रोका

यूपी को पीएम मोदी ने दी 19 हजार करोड़ की सौगात, बोले- पहले की सरकारों ने राज्य के विकास को रोका

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों पर इस राज्य के विकास को अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि लंबे समय तक यहां शासकों की तरह सरकार चलाने वालों ने सत्ता के लिए समाज का बंटवारा किया, जिसकी कीमत अनेक पीढ़ियों ने चुकाई है और देश को भी इसका गहरा नुकसान हुआ है।

प्रधानमंत्री ने पुलिस शूटिंग रेंज ग्राउंड में आयोजित एक कार्यक्रम में 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की 46 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके बाद अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का तेज गति से विकास हुए बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक भारत में विकास को सिर्फ कुछ ही क्षेत्र में सीमित रखा गया। देश का बहुत बड़ा हिस्सा विकास से वंचित रह गया। उत्तर प्रदेश पर भी ध्यान नहीं दिया गया, जहां देश की सबसे अधिक आबादी बसती थी।

उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने 'शासकों' की तरह बर्ताव किया। उन्होंने कहा कि जनता को अभाव में रखने और समाज में विभाजन का रास्ता उनको सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम लगा। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने चुकाई है और देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।

मोदी ने कहा कि जब देश का सबसे बड़ा राज्य ही कमजोर हो तो देश कैसे ताकतवर हो सकता था। उत्तर प्रदेश का तेज गति से विकास हुए बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है। मैं तो उत्तर प्रदेश से सांसद हूं और इस राज्य को विकसित बनाने की मेरी विशेष जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद से उत्तर प्रदेश में पुरानी चुनौतियों से निपटने के साथ ही आर्थिक विकास को नई गति मिली है। आज का कार्यक्रम हमारी इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।