प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्यों के करीब आधा दर्जन मुख्यमंत्रियों, भाजपा अध्यक्ष, कई केंद्रीय मंत्रियों और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेताओं की मौजूदगी में मंगलवार को वाराणसी से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गंगा सप्तमी के मौके पर मां गंगा को नमन करने के उपरांत प्रधानमंत्री काशी के कोतवाल काल भैरव के दर पर पहुंचे। वहां उनसे अनुमति-आशीर्वाद लेकर वह विभिन्न राजनीतिक दिग्गजों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते हुए जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को काशी विश्वनाथ से एवं मंगलवार को काल भैरव से लोकसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के लिए आशीर्वाद भी मांगा। वाराणसी संसदीय सीट पर मोदी ने 2014 में पहली बार और 2019 में दूसरी बार जीत हासिल की थी। सफेद कुर्ता-पायजामा और नीली सदरी पहने मोदी अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए वाराणसी जिलाधिकारी के कार्यालय (कलेक्ट्रेट) पहुंचे। जब मोदी ने पर्चा दाखिल किया तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री के नामांकन के चार प्रस्तावकों में से दो उपस्थित थे।
नामांकन दाखिल करते समय प्रधानमंत्री मोदी के साथ, अयोध्या के राम मंदिर में भगवान राम लला के विग्रह की प्राणप्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले पंडित गणेश्वर शास्त्री और पटेल जनसंघ के समय के पुराने कार्यकर्ता और पिछड़ा वर्ग के नेता बैजनाथ पटेल मौजूद थे। गणेश्वर शास्त्री द्रविड़, बैजनाथ पटेल, लालचंद कुशवाहा व दलित समाज के संजय सोनकर प्रधानमंत्री के नामांकन के चार प्रस्तावक हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला मीडिया सह प्रभारी अरविंद मिश्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने नामांकन पत्र जिलाधिकारी को सौंपने के बाद खड़े होकर शपथ पत्र पढ़ा। मिश्रा के अनुसार, प्रधानमंत्री मर्यादा का पालन करते हुए जिलाधिकारी, जो वाराणसी चुनाव के चुनाव अधिकारी भी हैं, के सामने खड़े हुए और शपथ पत्र पढ़ा। सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने चार सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।
अरविंद मिश्रा ने बताया कि मोदी के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और मेघालय के मुख्यमंत्री कोनरॉड संगमा मौजूद थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, हरदीप पुरी, चंद्रबाबू नायडू, पवन कल्याण, जीतन राम मांझी, उपेंद्र कुशवाहा, संजय निषाद, अनुप्रिया पटेल, ओमप्रकाश राजभर, जयंत चौधरी, अंबुमणि रामदास, जी के वासन, देवनाथन यादव, तुषार वेलल्लापल्ली और अतुल बोरा भी मौजूद थे।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सहयोगियों से मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि आज काशी में राजग के हमारे मूल्यवान सहयोगियों की उपस्थिति से मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। हमारा गठबंधन राष्ट्रीय प्रगति और क्षेत्रीय आकांक्षाओं को पूरा करने की प्रतिबद्धता का प्रतिनिधित्व करता है। हम आने वाले वर्षों में भारत की प्रगति के लिए मिलकर काम करेंगे। इस पोस्ट के साथ प्रधानमंत्री ने राजग के सहयोगियों से मिलने की कुछ तस्वीरें भी साझा कीं।