राहुल चाहर और हरप्रीत बराड़ की शानदार फिरकी गेंदबाजी के बाद जॉनी बेयरस्टो (30 गेंद में 46 रन) और रिली रोसेयु (23 गेंद में 43 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बुधवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को 13 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराया। राहुल चाहर और बराड़ ने दो-दो विकेट चटकाने के अलावा अपने कोटे के चार-चार ओवर में बिना कोई बाउंड्री खाये क्रमश: 16 और 17 रन दिये।
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की 48 गेंद में 62 रन की पारी के दम पर सीएसके ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर सात विकेट पर 162 रन बनाये। पंजाब ने 17.5 ओवर में तीन विकेट पर लक्ष्य हासिल कर 10 मैचों में चौथी जीत दर्ज की।
चेन्नई की 10 मैचों में यह पांचवीं हार है।
बेयरस्टो ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जबकि रोसेयु ने पांच चौके और दो छक्के जड़ें। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 64 रन की साझेदारी कर मैच को सीएसके की पकड़ से दूर किया इसके बाद शशांक सिंह (नाबाद 25) और कप्तान सैम कुरेन (नाबाद 26) ने चौथे विकेट के लिए 37 गेंद में 50 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को आसान जीत दिला दी। गायकवाड़ ने बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में एक छोर संभाले रखा और 48 गेंद की पारी में पांच चौके और दो छक्के लगाये। वह इसके साथ ही इस सत्र में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गये। उनके नाम 10 मैचों में 509 रन हो गये हैं।
सीएसके के कप्तान पहले विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे (23 गेंद में 29 रन) के साथ 50 गेंद में 64 और समीर रिजवी (23 गेंद में 21 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 34 गेंद में 37 और मोईन अली (नौ गेंद में 15 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 15 गेंद में 38 रन की साझेदारी की जिससे सीएसके प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंच सकी। लक्ष्य का बचाव करते हुए सीएसके को पारी की दूसरी गेंद पर ही दीपक चाहर को चोटिल होने से झटका लगा। वह मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर चले गये। उनकी जगह ओवर पूरा करने आये शारदुल ठाकुर (48 रन पर एक विकेट) का स्वागत प्रभसिमरन सिंह (13) छक्के से किया।
आईपीएल पदार्पण कर रहे रिचर्ड ग्लीसन (30 रन पर एक विकेट) ने पारी के तीसरे ओवर में प्रभसिमरन को गायकवाड़ के हाथों कैच कराया। रोसेयु ने क्रीज पर आते ही ग्लीसन और फिर मुस्ताफिजुर रहमान के खिलाफ दो-दो गेंदों पर चौके लगाये। दूसरे छोर से बेयरस्टो ने भी शारदुल के खिलाफ दो चौके लगा दिये जिससे पावरप्ले में पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 52 रन हो गया। रुतुराज ने इसके बाद स्पिन गेंदबाजों का सहारा लिया लेकिन मैदान पर ओस के कारण रविंद्र जडेजा और मोईन प्रभावी गेंदबाजी नहीं कर सकें। बेयरस्टो ने जडेजा के खिलाफ दो चौके जड़ने के बाद मोईन के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर उन्हें हावी होने का मौका नहीं दिया।
शिवम दुबे (14 रन पर एक विकेट) ने 10वें ओवर में महेंद्र सिंह धोनी के हाथों बेयरस्टो की पारी को खत्म किया लेकिन रोसेयु पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने इसी ओवर में छक्का और चौका जड़ने के बाद शारदुल के खिलाफ भी गेंद को दर्शकों के पास भेजा। ठाकुर ने हालांकि ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें बोल्ड किया। इस बीच मुस्ताफिजुर ने 15वां ओवर मेडन डाला लेकिन शानदार लय में चल रहे शशांक सिंह ने अगले ओवर में मोईन के खिलाफ छक्का जड़ हिसाब बराबर किया। कुरेन ने ग्लीसन ने खिलाफ 17वें ओवर में चौका लगाया और फिर शशांक ने दो रन लेकर टीम को जीत दिला दी।