Saturday 09-May-2026

राज्यसभा चुनाव: सोनिया गांधी ने राजस्थान से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया

राज्यसभा चुनाव: सोनिया गांधी ने राजस्थान से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राजस्थान से आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए बुधवार को यहां अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। विधानसभा भवन में नामांकन दाखिल करने के समय उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने से पहले सोनिया गांधी ने विधानसभा की विपक्षी लॉबी में पार्टी विधायकों से मुलाकात की।

कांग्रेस राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों में से एक पर आसानी से जीत हासिल कर सकती है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अप्रैल में छह साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद यह सीट खाली हो जाएगी। लोकसभा सांसद के रूप में पांच कार्यकाल पूरे करने के बाद उच्च सदन में यह सोनिया गांधी का पहला कार्यकाल होगा। 77 वर्षीय कांग्रेस नेता उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा का प्रतिनिधित्व करती रही हैं। वह अगला आम चुनाव नहीं लड़ेंगीं। 1999 में कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद वह पहली बार सांसद चुनी गईं थी।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद सोनिया गांधी राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। इंदिरा गांधी अगस्त 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं। सोनिया गांधी ने 2019 में घोषणा की थी कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोनिया गांधी के इस बार चुनाव नहीं लड़ने के बाद उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं। सोनिया गांधी ने तेलंगाना या कर्नाटक जैसे दक्षिणी राज्य के बजाय राजस्थान से चुनाव लड़ने का फैसला किया। राजस्थान में पार्टी तीन सीटों में से एक पर आसानी से जीत की स्थिति में है।