Saturday 09-May-2026

अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा का अनावरण किया गया

अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा का अनावरण किया गया

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा को 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से तीन दिन पहले शुक्रवार को अनावरण कर दिया गया। काले पत्थर से बनी इस प्रतिमा की आंख पर पीले रंग के कपड़ा बांधा गया है।

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी शरद शर्मा ने बताया कि रामलला की प्रतिमा की आंखों पर पीला रंग का कपड़ा बंधा है और प्रतिमा को गुलाब के फूलों की माला पहनायी गई है। विश्व हिंदू परिषद ने रामलला की प्रतिमा की तस्वीर जारी की और यह प्रतिमा खड़ी मुद्रा में है।

अयोध्या स्थित राममंदिर में आगामी 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले भगवान राम की नयी प्रतिमा बृहस्पतिवार अपराह्न में राम जन्मभूमि मंदिर के गर्भगृह में रखी गई।
मैसूरु के मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई 51 इंच की रामलला की प्रतिमा को पिछली रात मंदिर में लाया गया था।

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मुख्य आचार्य अरुण दीक्षित ने बताया कि भगवान राम की प्रतिमा को अपराह्न में वैदिक मंत्रोचार के बीच गर्भगृह में रखा गया। उन्होंने कहा कि 'प्रधान संकल्प' ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि प्रधान संकल्प की भावना यह है कि भगवान राम की प्रतिष्ठा सभी के कल्याण के लिए, राष्ट्र के कल्याण के लिए, मानवता के कल्याण के लिए और उन लोगों के लिए भी की जा रही है जिन्होंने इस कार्य में अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अन्य अनुष्ठान भी किए गए तथा ब्राह्मणों को वस्त्र भी दिए गए।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। पोस्ट में कहा गया है कि अयोध्या में जन्मभूमि स्थित राम-मंदिर में आज दिन में 12:30 बजे के बाद राममूर्ति का प्रवेश हुआ। दोपहर 1:20 बजे यजमान द्वारा प्रधानसंकल्प होने पर वेदमन्त्रों की ध्वनि से वातावरण मंगलमय हुआ। मूर्ति के जलाधिवास तक के कार्य बृहस्पतिवार को संपन्न हुए।