समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा बृहस्पतिवार को संसद में पेश किए गए अंतरिम बजट को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का विदाई बजट करार दिया। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्सपर की गई टिप्पणी में कहा कि कोई भी बजट अगर विकास के लिए नहीं है और कोई भी विकास अगर जनता के लिए नहीं है तो वह व्यर्थ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनविरोधी बजटों का एक दशक पूरा करके एक शर्मनाक रिकार्ड बनाया है, जो फिर कभी नहीं टूटेगा क्योंकि अब सकारात्मक सरकार आने का समय हो गया है। ये भाजपा का विदाई बजट है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में अंतरिम बजट पेश किया। नरेन्द्र मोदी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह चुनाव से पहले पेश होने वाला अंतिम बजट है।