बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान को कोहनी की सर्जरी के एक दिन बाद मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अपनी नयी फिल्म में एक्शन दृश्य करने के दौरान पुरानी चोट के फिर से उभर जाने के बाद 53 वर्षीय खान को शहर के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सैफ अली खान को मंगलवार को बांद्रा स्थित अपने घर के बाहर देखा गया। उनके साथ उनकी अभिनेत्री पत्नी करीना कपूर खान भी थीं।
इससे पहले सैफ ने सोशल मीडिया पर चोट लगने की खबरें आने के बाद एक बयान जारी किया था। उन्होंने सर्जरी के बाद कहा था कि चोट और फिर सर्जरी, हम रोज़मर्रा में जो करते हैं, उसका हिस्सा है। मैं खुश हूं कि बेहतरीन डॉक्टर मेरा इलाज कर रहे हैं। सभी शुभचिंतकों का उनके प्यार और फिक्र के लिए शुक्रिया। अभिनेता को 2017 में विशाल भारद्वाज निर्देशित 'रंगून' की शूटिंग के दौरान कथित रूप से चोट लगी थी। सैफ 'देवरा' फिल्म में नज़र आएंगे जिसमें जूनियर एनटीआर और जान्हवी कपूर भी हैं।