Thursday 30-Apr-2026

मेरे कार्यक्रम से चूना छिड़कने वाले रहें दूर, रेड कार्पेट भी नहीं बिछाया जाए; डिप्टी CM का प्रमुख सचिव को आदेश

मेरे कार्यक्रम से चूना छिड़कने वाले रहें दूर, रेड कार्पेट भी नहीं बिछाया जाए; डिप्टी CM का प्रमुख सचिव को आदेश

लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।

उत्तर प्रदेश के झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 11 नवजात बच्चों की मौत के बाद पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के लिए चूना छिड़कने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में किरकिरी होने के बाद अब डिप्टी सीएम ने अपने किसी भी कार्यक्रम में चूने का छिड़काव नहीं कराने को कहा है। इस संबंध में उन्होंने विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर आदेश जारी करने को कहा है। इसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि अब से उनके कार्यक्रम में ना तो चूना छिड़का जाए और ना ही रेड कार्पेट बिछाया जाए।

उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट करने की परंपरा को भी खत्म करने को कहा है। इसके स्थान पर उन्होंने अस्पताल की साफ सफाई और मरीजों की देखरेख पर ध्यान देने को कहा है। दरअसल, पिछले हफ्ते ही झांसी के महारानी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू वार्ड में आग लग गई थी। इस हादसे में 11 बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 39 बच्चे बुरी तरह से झुलस गए थे। इस घटना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खुद स्थिति का जायजा लेने के लिए झांसी पहुंचे थे।

impact add1

डिप्टी सीएम के पहुंचने की खबर सुनते ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रशासन ने मुख्य सड़क से लेकर अस्पताल के अंदर उनके भ्रमण करने वाले स्थान तक खूब साफ सफाई कराई थी और चूना भी गिरवाया था। इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुए थे। इनमें लोगों ने उत्तर प्रदेश शासन और मेडिकल कॉलेज प्रशासन के साथ ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को खूब ट्रोल किया था।