Saturday 02-May-2026

समाजवादी पार्टी की रैलियों में रोज दिख रही भगदड़, मारपीट और अराजकताः योगी

समाजवादी पार्टी की रैलियों में रोज दिख रही भगदड़, मारपीट और अराजकताः योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) तथा इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की हाल की रैलियां में फैली अव्यवस्था का जिक्र करते हुए बुधवार को कहा कि सपा और कांग्रेस के लोग सत्ता से कोसों दूर होने के बावजूद अपने नेताओं का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने जौनपुर में पार्टी उम्मीदवार कृपा शंकर सिंह के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "अबकी बार 400 पार का भाजपा का नारा सुनते ही समाजवादी पार्टी की हालत खराब हो जाती है। यह क्षेत्रीय पार्टी 60-62 सीटों पर ही चुनाव लड़ रही है।

उन्होंने फूलपुर और आजमगढ़ में सपा और 'इंडिया' गठबंधन की चुनावी रैलियों में कार्यकर्ताओं द्वारा बैरिकेडिंग तोड़कर मंच तक पहुंच जाने की घटनाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा, "समाजवादी पार्टी में अभी रोज भगदड़, मारपीट, अराजकता व नूराकुश्ती दिख रही है। जब सपा और कांग्रेस के लोग सत्ता से कोसों दूर हैं, तब भी अपने नेता का सम्मान नहीं कर पा रहे हैं। जब यह सत्ता में रहे होंगे तो कैसे उत्तर प्रदेश की जनता का खून चूसकर शोषण किया होगा, यह किसी से छिपा नहीं है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, "एक तरफ रामभक्त हैं, जो राम के लिए सर्वस्व न्यौछावर करते हुए भारत को ताकतवर बनाना चाहते हैं, दूसरी तरफ रामद्रोही राम के साथ भारत का भी विरोध कर रहे हैं। यह कहते हैं कि पाकिस्तान को धमकी मत दीजिए, उसके पास एटम बम है। दाने-दाने के लिए मोहताज पाकिस्तान की धमकी भारत जैसे उस बड़े देश को देते हैं, जो सबसे बड़ी उभरती अर्थव्यवस्था है। सपा-कांग्रेस नेताओं को ऐसा कहते तनिक भी संकोच नहीं होता है। रामद्रोही जातिवादी-परिवारवादी राजनीति करते हैं। यह आपको जाति के नाम पर भी लड़ाएंगे।