Thursday 30-Apr-2026

भारत ने वसूला दोगुना लगान, इंग्लैंड को 68 रनों से दी करारी शिकस्त; फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी टीम इंडिया

भारत ने वसूला दोगुना लगान, इंग्लैंड को 68 रनों से दी करारी शिकस्त; फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी टीम इंडिया

कप्तान रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की शानदार पारियों के बाद गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को 68 रनों से करारी शिकस्त देकर तीसरी बार ट्वेंटी-20 विश्व कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारतीय टीम 2014 के बाद अब फाइनल में पहुंची है। वहीं 2016 और 2022 की विजेता इंग्लैंड का सफर इस विश्व कप में सेमीफाइनल में खत्म हो गया। अब खिताब के लिए उसे शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला करना होगा।

भारतीय टीम ने इंग्लैंड को जीतने के लिए 172 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में इंग्लैण्ड 16.4 ओवरों में 103 रनों पर सिमट गई। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया। यह फैसला उस समय गलत साबित हुआ जब भारत ने 171 रनों का स्कोर बना लिया।

इंग्लैंड जब बल्लेबाजी करने उतरी तो पिच ने गेंदबाजों का पक्ष लिया। इंग्लैंड के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के आगे ताश के पत्तों की तरह ढह गई। इंग्लैण्ड के पांच प्रमुख बल्लेबाज सिर्फ आठ ओवरों में पवलियन लौट चुके थे। ओपनर सॉल्ट (5), जोस बटलर (23), मोइन अली (8), बेयरस्टो (00), सैम करन (2) जल्दी-जल्दी आउट हो गए। इसके बाद इंग्लैंड संभल नहीं पाया। इंग्लैंड के लिए बटलर ने 23, जोफ्रा आर्चर ने 21 और हैरी ब्रुक ने 25 रनों की पारियां खेलीं।