तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की अगुआई में नासाउ काउंटी की पेचीदा पिच पर रविवार को भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए पाकिस्तान के जबड़े से जीत छीन ली। कप्तान रोहित शर्मा की टीमा ने रविवार को रोमांचक मुकाबले में पाक को छह रन से पराजित किया। यह उसकी इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ विश्व कप में आठ मैच में सातवीं जीत है। भारतीय गेंदबाजों ने 119 रन के छोटे लक्ष्य का शानदार बचाव किया। विश्व कप में लगातार दूसरी जीत के साथ भारतीय टीम ने सुपर आठ का दावा पुख्ता कर लिया है। वहीं दूसरी हार के साथ पाकिस्तान बाहर होने की कगार पर पहुंच गया।
बारिश से प्रभावित मुकाबले में पाक टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 113 रन ही बना पाई। पाक की टीम का एक समय चार विकेट पर 80 रन बनाकर पलड़ा भारी था। बुमराह ने 15वें ओवर में रिजवान (31) की गिल्लियां बिखेरकर मैच का पासा पलट दिया। इसके बाद पाक टीम सिर्फ 33 रन ही जोड़ पाई और तीन विकेट गंवाए।
पाकिस्तान को अंतिम 12 गेंद में 21 रन चाहिए थे। बुमराह ने 19वें ओवर में तीन रन दिए और एक विकेट झटका। अब छह गेंद में 18 रन की दरकार थी। अर्शदीप ने पहली गेंद पर वसीम को आउट कर दिया। उन्होंने 11 रन दिए। पाक के लिए वसीम ने 15 जबकि बाबर, उस्मान और जमां ने 13-13 रन बनाए। भारत के लिए बुमराह ने तीन और हार्दिक ने दो विकेट चटकाए।
इससे पहले टॉस गंवाकर पंत की 31 गेंद में 42 रन की पारी के बावजूद भारतीय टीम 19 ओवर में 119 रन पर आउट हो गई। यह पाक के खिलाफ टी-20 में पहली पारी में सबसे न्यूनतम स्कोर है। पंत के अलावा अक्षर पटेल ।(20) और कप्तान रोहित (13) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। पाक के लिए नसीम और राउफ तीन-तीन जबकि मोहम्मद आमिर ने दो और शाहीन शाह अफरीदी ने एक विकेट चटकाया।