प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग खुद होश में नहीं हैं, वे युवाओं को नशेड़ी कह रहे हैं। मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के करखियाव अमूल प्लांट परिसर में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की 35 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस के शाही परिवार के युवराज का कहना है, जिसे सुनकर आप चौंक जाएंगे, युवराज काशी की धरती पर आकर कह रहे हैं कि काशी के नौजवान, उत्तर प्रदेश के नौजवान नशेड़ी हैं। यह कैसी भाषा है भाई। राहुल गांधी ने हाल में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान वाराणसी में कहा था कि उन्होंने कुछ युवाओं को नशे में धुत्त होकर सड़कों पर लेटे हुए और रात में नाचते हुए देखा था तथा उत्तर प्रदेश का भविष्य (युवा) नशे में है।
मोदी ने दावा किया, उत्तर प्रदेश सभी (80 लोकसभा) सीटें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नाम करने वाला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी को गाली देते देते इन्होंने दो दशक बिता लिए, लेकिन अब ईश्वर रूपी जनता जनार्दन, उत्तर प्रदेश के नौजवानों पर अपनी कुंठा निकाल रहे हैं। जिनके अपने होश ठिकाने नहीं हैं वो उत्तर प्रदेश के, मेरे काशी के बच्चों को नशेड़ी कह रहे हैं। चेतावनी भरे लहजे में मोदी ने कहा कि अरे घोर परिवारवादियों, काशी का नौजवान तो उत्तर प्रदेश को विकसित बनाने में जुटा है, अपना समृद्ध भविष्य लिखने के लिए परिश्रम की पराकाष्ठा कर रहा है। 'इंडी' गठबंधन द्वारा उत्तर प्रदेश के नौजवानों का अपमान कोई नहीं भूलेगा। वह 'इंडी' गठबंधन से विपक्षी दलों के गठजोड़ 'इंडिया' का हवाला दे रहे थे।
पीएम मोदी ने कहा कि घोर परिवारवादियों की यही असलियत होती है। हमेशा परिवारवादी युवा शक्ति से डरते हैं। युवा प्रतिभाओं से डरते हैं। उनको लगता है कि सामान्य युवा को अवसर मिला तो वह हर जगह चुनौती देगा। इनको वही लोग पसंद आते हैं जो उनकी दिन रात जयजयकार करते रहें। बिना नाम लिए राहुल गांधी पर जमकर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि आजकल तो इनके गुस्से का, इनकी बौखलाहट का एक और कारण है, इनको काशी और अयोध्या का नया
स्वरूप बिल्कुल पसंद नहीं आ रहा है। इनको देखिए अपने भाषणों में राममंदिर को लेकर कैसी कैसी बातें करते हैं, कैसी कैसी बातों से हमले करते हैं।