प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर पर कांग्रेस के रुख को लेकर उसकी आलोचना की और कहा कि जो लोग भगवान राम को 'काल्पनिक' कहते थे और मंदिर निर्माण नहीं चाहते थे, वे भी अब 'जय सिया राम' के नारे लगा रहे हैं। हरियाणा के रेवाड़ी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखने और कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने आज दुनिया में नई ऊंचाइयों को छुआ है और यह लोगों के आशीर्वाद से संभव हुआ है। इस सप्ताह संयुक्त अरब अमीरात और कतर की अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत को अब दुनिया के हर कोने से जो सम्मान मिल रहा है, वह केवल मोदी का नहीं है बल्कि हर भारतीय का है।
दुनिया में भारत की बढ़ती साख, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण, कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और पूर्व सैनिकों को 'वन रैंक-वन पेंशन' दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी ने देश को जो 'गारंटी' दी वह पूरी की है और वह अपने तीसरे कार्यकाल में भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने की 'गारंटी' पूरी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों से कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त करने में बाधाएं पैदा कीं लेकिन भाजपा ने इसे हटाने की गारंटी थी। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर उस गारंटी को भी पूरा किया। उन्होंने कहा, देश की इच्छा थी की अयोध्या में प्रभु राम का भव्य मंदिर का निर्माण हो। आज पूरा देश भव्य राम मंदिर में विराजे राम लला के दर्शन कर रहा है। और तो और... कांग्रेस के जो लोग हमारे भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि प्रभु राम का मंदिर बने अयोध्या में... वह भी जय सियाराम बोलने लगे हैं।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि देश की सबसे पुरानी पार्टी आज 'एक परिवार' के मोह में अपने इतिहास के 'सबसे दयनीय' दौर से गुजर रही है और आज उसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि उसके पास कार्यकर्ता तक नहीं बचे। उन्होंने कहा कि एक परिवार के मोह में फंसी कांग्रेस हरियाणा में भी वही हाल है, आज अपने इतिहास के सबसे दयनीय दौर से गुजर रही है। उनके नेता से अपना एक स्टार्टअप नहीं संभल रहा है और यह लोग देश संभालने का सपना देख रहे हैं।