लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।
उत्तर प्रदेश में बुधवार को 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इस बीच मैनपुरी से सांसद और समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रशासन मनमानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हार रही है और जिस तरह की अफवाहें वो लगातार फैला रहे हैं, उससे पता चलता है कि वो बुरी तरह हार रहे हैं।
डिंपल यादव ने आगे कहा कि बीजेपी की गुंडागर्दी लगातार चल रही है और जहां-जहां चुनाव हो रहे हैं, हमने देखा है कि पूरा प्रशासन बीजेपी के एजेंट की तरह काम कर रहा है। अगर ऐसी घटनाएं हो रही हैं जहां लोगों को वोट डालने से रोका जा रहा है, तो मुझे लगता है कि ये बहुत गंभीर मामला है।
सपा सांसद ने कहा कि वो (बीजेपी) लोकसभा चुनाव हार चुके हैं और कहीं न कहीं डरे हुए हैं, इसीलिए वो पूरे प्रशासन का इस्तेमाल कर रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि ये (बटेंगे तो कटेंगे) नारा कहीं जगह पाने वाला है। इस बार हमारे पीडीए के मतदाता तैयार हैं और आने वाले समय में बीजेपी को उत्तर प्रदेश से हटाने का काम करेंगे।