मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को छोड़कर उत्तर प्रदेश के दोनों सदन (विधानसभा और विधान परिषद) के करीब 325 विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ नवनिर्मित राम मंदिर का दौरा किया और श्री रामलला का दर्शन पूजन किया। राम मंदिर में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान के सामने साष्टांग दंडवत कर पूजा-अर्चना की। विधायकों के मंदिरों के शहर में पहुंचने पर अयोध्या के वासियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने फूलों की वर्षा की। जैसे ही बस ने अयोध्या में प्रवेश किया फूलों की बरसात शुरू हो गयी। लोग उत्साह में नारे लगा रहे थे।
योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि आज श्री अयोध्या धाम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के माननीय अध्यक्ष सतीश महाना जी, विधान परिषद के माननीय सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह जी और सम्मानित सहयोगियों के साथ भगवान श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जय सीताराम। मुख्यमंत्री ओर से साझा किये गये 14 मिनट के वीडियो में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना समेत कई विधायक 'रघुपति राघव राजा राम' भजन गाते दिखाई दे रहे हैं। कुछ विधायकों ने मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर समूह में तस्वीरें खिंचवाईं।
यूपी विधानसभा के सूत्रों ने बताया कि 325 से कुछ अधिक विधायकों (विधान सभा और विधान परिषद दोनों के सदस्यों) ने अयोध्या में भगवान राम की पूजा की। कुछ विधायकों की पत्नियां भी उनके साथ थीं। कुल मिलाकर, दल का आकार 400 से अधिक था। इस दौरान शामिल पार्टी नेताओं में भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल अपना दल (एस), निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के सदस्यों के अलावा विपक्षी दलों में कांग्रेस की आराधना मिश्रा 'मोना', जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के रघुराज प्रताप सिंह और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उमाशंकर सिंह तथा राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राजपाल सिंह बालियान शामिल रहे। दर्शन पूजन के बाद अयोध्या में ही विधायकों के लिए भोज का आयोजन हुआ और उसके बाद सभी लखनऊ लौट गये।