Saturday 02-May-2026

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को सबक सिखाया जाएगा : योगी आदित्यनाथ

युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को सबक सिखाया जाएगा : योगी आदित्यनाथ

UP Police Constable Recruitment Exam Paper Leaked: उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा प्रश्न पत्र लीक मामले पर रविवार को कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना 'राष्ट्रीय पाप' है और इसमें लिप्त लोगों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा, जो भविष्य के लिए नजीर बनेगी। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के लिए करीब 1800 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को यहां लोकभवन में नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए यह कहा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर युवाओं के साथ अन्याय होता है तो यह राष्ट्रीय पाप है। पहले दिन से ही हमने तय किया है कि युवाओं के जीवन और भविष्य के साथ जो कोई भी खिलवाड़ करेगा हम उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे और उन तत्वों से सख्ती से निपटेंगे। हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार पहले भी कार्रवाई करती रही है और एक बार फिर कड़ी कार्रवाई करने जा रही है।

'पेपर लीक' के मुद्दे पर अभ्यर्थियों के विरोध-प्रदर्शन के बाद, राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 17 और 18 फरवरी को हुई पुलिस भर्ती परीक्षा को शनिवार को निरस्त कर दिया था और छह माह के भीतर पुन: परीक्षा कराने का आदेश दिया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नियुक्ति की प्रक्रिया अगर ईमानदारी से आगे नहीं बढ़ पा रही है तो यह युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और उनकी प्रतिभा को पलायन के लिए मजबूर करता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना राष्ट्रीय पाप है और इसमें लिप्त लोगों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि वे ना घर के रहेंगे न घाट के। ऐसे तत्वों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई भविष्य के लिए नजीर के रूप में याद रखी जाएगी।

UP Police Constable Recruitment Exam Paper Leaked
 
 
Community-verified icon