Saturday 09-May-2026

दिग्गज वकील फली एस नरीमन का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

दिग्गज वकील फली एस नरीमन का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

कानून विशेषज्ञ एवं दिग्गज एडवोकेट फली एस नरीमन का बुधवार को 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह हृदय संबंधी परेशानियों सहित कई बीमारियों से जूझ रहे थे। अपने लंबे और शानदार करियर में नरीमन ने कई ऐतिहासिक मामलों की पैरवी की जिसमें राष्ट्रीय न्यायिक नियुक्ति आयोग का चर्चित मामला भी शामिल है। इस आयोग को उच्चतम न्यायालय ने भंग कर दिया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फली एस नरीमन के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने अपना जीवन आम नागरिकों तक न्याय सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कर दिया। मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि फली नरीमन उत्कृष्ट विधि विशेषज्ञों और बुद्धिजीवियों में से थे। उन्होंने अपना जीवन आम नागरिकों तक न्याय सुनिश्चित करने के लिए समर्पित कर दिया। मैं उनके निधन से दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रशंसकों के साथ हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

नरीमन का जन्म 10 जनवरी 1929 को हुआ और उन्होंने 1972 और 1975 के बीच अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के रूप में कार्य किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान पद से इस्तीफा दे दिया। नरीमन को जनवरी 1991 में पद्म भूषण मिला और 2007 में उन्हें पद्म विभूषण से भी सम्मानित किया गया। उनके बेटे रोहिंटन नरीमन उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश रहे।