भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने मंगलवार को घोषणा की कि उन्हें और उनकी अभिनेत्री पत्नी अनुष्का शर्मा को पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई है। उनकी पत्नी ने 15 फरवरी को पुत्र को जन्म दिया। कोहली और अनुष्का पहले से ही तीन साल की बेटी वामिका के माता-पिता हैं।
कोहली ने इंस्टाग्राम पर की गई पोस्ट में जानकारी साझा करते हुए कहा कि अत्यधिक खुशी और प्यार के साथ हमें सभी को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 15 फरवरी को हमने इस दुनिया में अपने बेटे और वामिका के छोटे भाई अकाय का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि अपनी जिंदगी के इन खूबसूरत पलों में हम आपका आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि इस समय हमारी निजता का सम्मान करें। कोहली निजी कारणों से इंग्लैंड के खिलाफ वर्तमान टेस्ट श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं। भारत पांच मैच की श्रृंखला में अभी 2-1 से आगे है।