उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के दौरान भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। चीनी मिल ग्राउंड में आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के साथ-साथ देश के प्रत्येक व्यक्ति की आय बढ़ेगी, जिससे लोगों के जीवन में समृद्धि बढ़ेगी
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 679 करोड़ रुपये की 673 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूरा देश फिर एक बार मोदी सरकार के व्यापक समर्थन के साथ विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 सौ से ज्यादा सीटें हासिल करेगा।
सीएम योगी ने कहा कि देवरिया मेरे लिये नया नहीं है। मैं यहां लगातार 30 वर्षो से आ रहा हूं। यहां हमलोग जिस समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे थे, उसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धरातल पर उतारने का कार्य किया गया। मेडिकल कालेज का निर्माण किया गया। उन्होंने कहा कि न्यायालय से मामले के निस्तारण होने के तुरन्त बाद ही शुगर कॉम्प्लेक्स का भी शिलान्यास किया जायेगा, जिसमें चीनी मिल, डिस्टिलरी, इथेनॉल, इलेक्ट्रिसिटी आदि उस कॉम्प्लेक्स में सम्मिलित रहेगा। इसके लिये धनराशि भी सुरक्षित रखी गयी है। कुशीनगर में कृषि विश्वविद्यालय का शिलान्यास होने जा रहा है। देवरिया में भी एक कृषि कालेज बनाया जायेगा। देवरिया अब पिछड़ा नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री ने प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री योजना के तहत इस जनपद में लगभग 24 हजार आवास निर्मित हुए हैं। उन्होंने कहा कि रुचि और आवश्यकता के अनुरुप योजनाओं को मूर्त रुप दिया जा रहा है, जिसमें विकास भी है और विरासत भी है। देश के अन्दर सुरक्षा, प्रदेश के अन्दर अच्छे कानून व्यवस्था के स्थिति के साथ ही एक बेहतर वातावरण व समृद्धि के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का कार्य हो रहा है।