Saturday 09-May-2026

NDA को वोट दें जो गुंडाराज और परिवारवाद की राजनीति को खत्म कर देगा: योगी आदित्यनाथ

NDA को वोट दें जो गुंडाराज और परिवारवाद की राजनीति को खत्म कर देगा: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार के मतदाताओं से राज्य में गुंडा राज और परिवारवाद की राजनीति को खत्म करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को वोट देने की अपील की। बिहार के औरंगाबाद में भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, राजद शासनकाल में बिहार के लोगों के लिए अपनी पहचान का संकट पैदा हो गया था और वही गुंडाराज को फिर से लागू करने का उन्होंने (राजद नेताओं ने) प्रयास किया। देखिए उत्तरप्रदेश में कैसे गुंडों का उपचार हो रहा है। वहां अगर बेटियों और व्यापारियों के साथ कोई छेड़छाड़ और परेशान करता है तो उसे वहां उल्टा लटका दिया जाता है। आज उत्तरप्रदेश में माफियाओं की स्थिति क्या है।

उन्होंने कहा, हमने एक तरफ अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए भव्य राम मंदिर बनवाया और दूसरी तरफ बड़े-बड़े माफियाओं और गुंडो को राम नाम सत्य की यात्रा पर भेजने का काम किया। यह कार्य केवल भाजपा और राजग ही कर सकता है। इसलिए मोदी जी अपना तीसरा कार्यकाल मांगने के लिए हम इस लोकसभा चुनाव में आपके पास आए हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिये बिना उसकी ओर इशारा करते हुए योगी ने कहा, यहां के राजद की तरह हमारे उत्तरप्रदेश में भी शासन करने वाला एक परिवार था, जिसने राज्य में गुंडाराज फैलाया था। हमने इसे समाप्त कर दिया है। आज उत्तरप्रदेश में कोई कर्फ्यू नहीं है, कोई दंगा नहीं है, वहां सब कुछ ठीक है।