कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई न कोई नेता कुछ टिप्पणी कर देता है, लेकिन उनके ममता बनर्जी के साथ बहुत अच्छे रिश्ते हैं। उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की है जब पिछले कुछ सप्ताह में कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी और टीएमसी के नेताओं के बीच कुछ मौकों पर तीखी बयानबाजी देखने को मिली है। ये दोनों दल विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक हैं।
राहुल गांधी से ममता बनर्जी की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया मांगी गई कि कांग्रेस 300 सीट पर लड़ सकती है, बाकी अन्य दलों के लिए छोड़ दी जाएं। राहुल गांधी ने कहा कि सीटों को लेकर हमारी बातचीत चल रही है, उसका परिणाम आएगा। इसके बारे में, मैं यहां टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं, लेकिन ममता जी के साथ मेरा व्यक्तिगत और पार्टी का बहुत अच्छा रिश्ता है।
उन्होंने कहा कि हां थोड़ा-थोड़ा होता रहता है, कभी उनका कोई बोल देता है, कभी हमारा कोई बोल देता है। ये स्वाभाविक चीजें हैं। ये ऐसी चीजें नहीं हैं जो किसी चीज में बाधा डालने वाली हों।