Saturday 09-May-2026

सीबीआई को पश्चिम बंगाल सीआईडी ने शाहजहां शेख की हिरासत सौंपी

सीबीआई को पश्चिम बंगाल सीआईडी ने शाहजहां शेख की हिरासत सौंपी

पश्चिम बंगाल सीआईडी ने संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों पर हमले के मामले में मुख्य आरोपी शाहजहां शेख की हिरासत अंतत: बुधवार शाम को सीबीआई को सौंप दी। सीआईडी ने यह कदम कलकत्ता उच्च न्यायालय द्वारा उसे केंद्रीय एजेंसी को सौंपने के लिए लगातार दो दिन दिए निर्देश के बाद उठाया।

उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह संदेशखालि में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हमले के मामले को सीबीआई को स्थानांतरित करने और मुख्य आरोपी शाहजहां शेख को केंद्रीय एजेंसी को सौंपने के उसके मंगलवार के आदेश को तुरंत लागू करे।

सीबीआई अधिकारियों की टीम अपराह्न चार बजे से पहले ही भवानी भवन पहुंच गई। लेकिन सीआईडी ने शाहजहां को केंद्रीय एजेंसी के हवाले शाम छह बजकर 48 मिनट पर किया जबकि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने अपराह्न चार बजकर 15 मिनट की समय सीमा तय की थी। सीआईडी के अधिकारी ने बताया कि शाहजहां शेख को सीबीआई के हवाले कर दिया गया है।

सीआईडी शेख को सीबीआई के हवाले करने से पहले चिकित्सा जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले गई। सीबीआई अधिकारियों द्वारा शाहजहां को ईएसआई अस्पताल और उसके बाद शहर में एजेंसी के कार्यालय निजाम प्लेस ले जाए जाने की भावना है। ईडी अधिकारियों की एक टीम पश्चिम बंगाल में करोड़ों रुपये के राशन वितरण घोटाले के सिलसिले में शेख के घर पर पांच जनवरी को छापा मारने गई थी और भीड़ ने उसपर हमला कर दिया था।