बांग्लादेश से शेख हसीना के देश छोड़कर जाने के बाद भी हिंसा का दौर जारी है। देश के कई हिस्से में अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया गया। उपद्रवियों ने मंदिरों में आग लगा दी, मूर्तियां तोड़ दी गईं, हिंदुओं के घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की। इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की ओर से एक विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि बांग्लादेश में जो हो रहा है, वो यहां (भारत) में भी हो सकता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में ये बात कही। उन्होंने कहा कि कश्मीर में सब कुछ सामान्य लग सकता है। हम भले ही जीत का जश्न मना रहे हों, हालांकि निश्चित रूप से कुछ लोगों का मानना है कि वह जीत या 2024 की सफलता शायद मामूली थी, शायद बहुत कुछ करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि सतह के नीचे कुछ है। बांग्लादेश में जो हो रहा है वह यहां भी हो सकता है। बांग्लादेश में जून से आरक्षण के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है। अगस्त में ये और हिंसक हो गया। कई लोगों की जान चली गई है। लोगों की बढ़ती आवाज के कारण ही शेख हसीना की कुर्सी चली गई। उन्हें देश से भागने के लिए मजबूर होना पड़ा।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के राष्ट्रपति मो. शहाबुद्दीन ने मंगलवार को संसद भंग कर दी। इससे देश में चुनाव का रास्ता साफ हो गया है। अंतरिम सरकार में मो. यूनुस को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया है।