Friday 05-Dec-2025

पीएम मोदी ने विनेश फोगाट का बढ़ाया हौसला, कहा- आप भारत का गौरव हो, मजबूती से वापसी करनी है

पीएम मोदी ने विनेश फोगाट का बढ़ाया हौसला, कहा- आप भारत का गौरव हो, मजबूती से वापसी करनी है

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल से पहले वजन अधिक होने के कारण अयोग्य करार दी गई पहलवान विनेश फोगाट को हौसला देते हुए कहा कि वह भारत का गौरव हैं और उन्हें मजबूती से वापसी करनी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि विनेश, आप चैंपियनों में चैंपियन हैं! आप भारत का गौरव हैं और प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा हैं। आज का झटका दुखदाई है। काश शब्द उस निराशा की भावना को व्यक्त कर पाते जो मैं अनुभव कर रहा हूँ। साथ ही, मैं जानता हूं कि आप जुझारूपन का प्रतीक हैं। चुनौतियों का डटकर मुकाबला करना हमेशा से आपका स्वभाव रहा है। मजबूत होकर वापस आइए! हम सब आपके साथ हैं।

गौरतलब है कि पेरिस ओलंपिक में बुधवार को महिलाओं की 50 किग्रा की स्पर्धा से भारतीय पहलवान विनेश फोगाट का वजन कुछ ग्राम अधिक पाये जाने पर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। आधिकारिक बयान में बताया गया कि आज सुबह विनेश का वजन कुछ ग्राम अधिक पाया गया और यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग नियम के तहत उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ ने एक बयान जारी कर इस स्थिति पर गहरा खेद व्यक्त किया।

आईओए ने बयान में कहा कि यह खेदजनक है कि भारतीय दल महिला कुश्ती 50 किग्रा वर्ग से विनेश फोगट को अयोग्य घोषित किए जाने की खबर साझा करता है। रात भर टीम द्वारा किए गए बेहतरीन प्रयासों के बावजूद, आज सुबह उनका वजन 50 किग्रा से कुछ ग्राम अधिक था। इस समय दल द्वारा कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी। भारतीय दल आपसे विनेश की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करता है। वह मौजूदा प्रतियोगिताओं पर ध्यान केंद्रित करना चाहेगा। बता दें कि मंगलवार को विनेश फोगाट ने लगातार तीन मुकाबलों मे जीत दर्ज करते हुए महिलाओं की 50 किग्रा स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई थी।

impact add5