नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
जसप्रीत बुमराह को हमेशा से जिम्मेदारी लेना और चुनौतियों का सामना करना पसंद है और यही वजह है कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के पहले टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी को लेकर वह रोमांचित हैं। इंग्लैंड के खिलाफ 2022 के एडबस्टन टेस्ट के बाद वह दूसरी बार रोहित शर्मा की गैर मौजूदगी में कप्तान होंगे। बुमराह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में विराट कोहली को लेकर अहम बात की। इसके अलावा बुमराह ने कहा कि टीम सीरीज के लिए तैयार है।
बुमराह ने कहा कि हम तैयार हैं। हम पहले आए और वाका में ट्रेनिंग की। जब हम पहली बार यहां आए थे तो हमने अच्छा प्रदर्शन किया था इसलिए जिम्मेदारी युवाओं पर भी है। इसके आगे बुमराह ने इन दिनों खराब फॉर्म से गुजर रहे विराट कोहली को लेकर बात की। बुमराह ने कहा कि मुझे विराट कोहली को कोई इनपुट देने की जरूरत नहीं है। मैंने अपना डेब्यू उनकी कप्तानी में किया. एक सीरीज ऊपर नीचे हो सकती है, लेकिन वह कॉन्फिडेंट हैं।
फिर बुमराह ने कप्तानी को लेकर कहा कि जब मैं यहां आया था, तो कोच और मैनेजमेंट ने मुझे साफ कर दिया था कि मैं टीम लीड करूंगा। मैं उस जिम्मेदारी के लिए उत्साहित हूं। मैंने पहले भी ऐसा किया है और उस मोमेंट की तरफ देख रहा हूं। वहीं बुमराह ने पर्थ में खेले जाने वाले पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि हमने अपनी प्लेइंग इलेवन फाइनल कर ली है और आपको कल सुबह मैच की शुरुआत से पहले पता चल जाएगी।