चेन्नई, इंपैक्ट लाइव टीम।
IND vs BAN 1st Test: शतकवीर रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा ने बांग्लादेश से मिले शुरूआती झटकों से निकालते हुए पहले क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन बृहस्पतिवार को भारतीय टीम को छह विकेट पर 339 रन तक पहुंचा दिया। भारत के लिए रविचंद्रन अश्विन ने दमदार प्रदर्शन किया। अश्विन शतक लगाकर नाबाद रहे। रवींद्र जडेजा भी शतक के करीब हैं। वे 86 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के बीच 195 रनों की साझेदारी हुई है। बांग्लादेश के लिए हसन महमूद ने 4 विकेट झटके।
टीम इंडिया टॉस हारकर पहले बैटिंग करने मैदान पर उतरी। इस दौरान 96 रनों के स्कोर पर 4 विकेट गंवा दिए। वहीं 144 रनों के स्कोर पर छह विकेट गंवा दिए, लेकिन इसके बाद जडेजा और अश्विन ने मोर्चा संभाल लिया। इन दोनों के बीच 195 रनों की साझेदारी हुई।
अश्विन नंबर आठ पर बैटिंग करने आए। उन्होंने इस दौरान पहले दिन का खेल खत्म होने तक 112 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 102 रन बनाए। अश्विन ने जडेजा के साथ मजबूत साझेदारी निभाई। जडेजा ने 117 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 86 रन बनाए। यशस्वी जयसवाल ने अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने 118 गेंदों में 56 रन बनाए।
टीम इंडिया ने 14 रनों के स्कोर पर पहला विकेट गंवाया था। रोहित 19 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए थे। शुभमन गिल खाता तक नहीं खोल पाए। उन्होंने 8 गेंदों का सामना किया। विराट कोहली 6 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि इसके बाद ऋषभ पंत ने कुछ रन जोड़े। उन्होंने 52 गेंदों में 39 रन बनाए। केएल राहुल 16 रन बनाकर आउट हुए।
टीम इंडिया के शुरुआती चारों विकेट हसन महमूद ने लिए। उन्होंने पहले 18 ओवरों में 58 रन देकर 4 विकेट लिए। इस दौरान 4 मेडन ओवर भी निकाले। नाहिद राणा ने 17 ओवरों में 80 रन देकर 1 विकेट लिया। मेहदी हसन ने 21 ओवरों में 77 रन देकर 1 विकेट लिया।