Thursday 30-Apr-2026

34 चौके, 2 छक्के... सहवाग के बेटे आर्यवीर ने मचाया गदर, दोहरा शतक जड़कर मचाई सनसनी

34 चौके, 2 छक्के... सहवाग के बेटे आर्यवीर ने मचाया गदर, दोहरा शतक जड़कर मचाई सनसनी

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

भारत के महान बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने गुरुवार को मेघालय के खिलाफ अंडर-19 कूच बिहार ट्रॉफी में दिल्ली के लिए 229 गेंद में नाबाद 200 रन की पारी खेली। अर्णव बुग्गा के साथ पारी का आगाज करने उतरे आर्यवीर ने अपनी इस विशेष पारी के दौरान 34 चौके और दो छक्के जमाये। बुग्गा ने 108 गेंद में 114 रन की पारी खेली। इससे पहले आर्यवीर ने अक्टूबर में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में डेब्यू किया था और मणिपुर के खिलाफ 49 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को छह विकेट से जीत दिलाई थी।

इस मुकाबले में मेघालय की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन मेघालय की टीम 104.3 ओवर में ही 260 रन बनाकर ढेर हो गई। इसके बाद आर्यवीर सहवाग और अर्णव बुग्गा ने दिल्ली की ओर से पारी की शुरुआत की। अर्णव बुग्गा भी शतक जड़ने में कामयाब रहे और 114 रन बनाकर आउट हुए। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 180 रन की साझेदारी की। इन दोनों खिलाड़ियों की दमदार पारी के चलते दिल्ली ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 468 रन बनाए और 208 रनों की बढ़त हासिल की।

आर्यवीर इससे पहले भी दिल्ली अंडर-16 की टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। तब भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। आर्यवीर अपने पिता की तरह ही ओपनिंग बल्लेबाज हैं। वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए तीनों ही फॉर्मेट में क्रिकेट खेला था। वह भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2007 और वनडे वर्ल्ड कप 2011 जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। अब उनका बेटा इंटरनेशनल क्रिकेट में जगह बनाने के लिए दमखम दिखा रहा है।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add6