Monday 20-Apr-2026

रणजी ट्रॉफी के बाद संन्यास लेंगे ऋद्धिमान साहा, IPL में भी नहीं खेलेंगे

रणजी ट्रॉफी के बाद संन्यास लेंगे ऋद्धिमान साहा, IPL में भी नहीं खेलेंगे

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

भारत के लिए 40 टेस्ट खेल चुके भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋद्धिमान साहा इस वर्ष रणजी ट्रॉफी के बाद संन्यास ले लेंगे। साहा ने सोशल मीडिया मंच पर यह जानकारी देते हुए लिखा कि क्रिकेट में एक यादगार सफर के बाद, यह मेरा आखिरी सीजन होगा। संन्यास लेने से पहले रणजी ट्रॉफी में खेलते हुए बंगाल का प्रतिनिधित्व करने का मौका पाकर मैं गौरवान्वित हूं। आइए इस सीजन को यादगार बनाएं। साहा को टेस्ट में भारत के बेहतरीन विकेटकीपर्स में से एक माना जाता है। उनका करियर काफी बड़ा नहीं रहा, लेकिन अपने कौशल से उन्होंने सभी का दिल जीता।

साहा का टेस्ट क्रिकेट में एक छोटा पर शानदार करियर रहा है। उन्होंने भारत के लिए 40 टेस्ट खेले हैं और तीन शतकों की मदद से 29.41 की औसत से 1,353 रन बनाए हैं। एक विकेटकीपर के रूप में अपने असाधारण कौशल के लिए जाने जाने वाले साहा खेल के सबसे लंबे प्रारूप से एमएस धोनी के रिटायरमेंट के बाद भारत के पहली पसंद के कीपर-बल्लेबाज बन गए। वह टेस्ट में एक भारतीय विकेटकीपर द्वारा बनाए गए शतकों के मामले में धोनी और ऋषभ पंत के बाद तीसरे नंबर पर हैं। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी आखिरी उपस्थिति 2021 में न्यूजीलैंड के खिलाफ थी। कुछ औसत प्रदर्शन के बावजूद साहा को दरकिनार कर दिया गया। मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा के तहत नए प्रबंधन ने केएस भरत को पंत के बैकअप के रूप में लाने का फैसला किया।

impact add5

अपनी यात्रा को याद करते हुए साहा ने एक्स पर साझा करते हुए लिखा कि क्रिकेट में एक यादगार यात्रा के बाद, यह रणजी सत्र मेरा आखिरी होगा। मैं एक आखिरी बार बंगाल का प्रतिनिधित्व करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं। संन्यास से पहले केवल रणजी ट्रॉफी में खेल रहा हूं। इस अविश्वसनीय यात्रा का हिस्सा बनने वाले सभी लोगों को धन्यवाद। आपके समर्थन मेरे लिए काफी मायने रखता है।

साहा का रणजी ट्रॉफी में बंगाल की तरफ से खेलना तय है, लेकिन वह अगले साल आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। गुजरात टाइटंस ने उन्हें रिटेन नहीं करने का फैसला लिया है। साहा ने भी मेगा नीलामी के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, जो फ्रेंचाइजी क्रिकेट से उनके संन्यास का स्पष्ट संकेत है। साहा आईपीएल 2008 से हर सीजन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने इस लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और हाल ही में, गुजरात टाइटन्स का प्रतिनिधित्व किया है। आईपीएल में उन्होंने 170 मैच में 127.57 के स्ट्राइक रेट से 2934 रन बनाए। इसमें एक शतक और 13 अर्धशतक शामिल है। इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए नौ वनडे भी खेले हैं, जिसमें 13.67 की औसत के साथ 41 रन बनाए।

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add1