Wednesday 18-Feb-2026

महाकुंभ: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाई 360 से अधिक विशेष ट्रेनें।

महाकुंभ: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने चलाई 360 से अधिक विशेष ट्रेनें।

महाकुंभ के दौरान रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। प्रयागराज क्षेत्र के अलग-अलग स्टेशनों से 360 से अधिक ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे हर चार मिनट में एक ट्रेन उपलब्ध हो रही है।

रेलवे ने ट्रैक को खाली रखने के लिए 58 लंबी दूरी की ट्रेनों को रद्द कर दिया था, जिससे अधिक संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन हो सका। विशेष ट्रेनों में उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, नैनी जंक्शन और सुबेदारगंज रेलवे स्टेशन से 100 ट्रेनें चलीं। उत्तर रेलवे के प्रयाग स्टेशन से 19, फाफामऊ स्टेशन से तीन विशेष ट्रेनें चलाई गईं।

इसके अलावा, पूर्वोत्तर रेलवे के रामबाग स्टेशन से सात, झूंसी स्टेशन से 21 गाड़ियों का संचालन हुआ। प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी और सुबेदारगंज से पांच गाड़ियां, पांच रिंग रेल, तीन लंबी दूरी की ट्रेनें एवं गैर टाइम टेबल की 69 ट्रेनें चलाई गईं।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्मों पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। स्टेशनों पर हेल्पडेस्क, मेडिकल सहायता केंद्र, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए ट्रेनों के कोच की संख्या भी बढ़ाई गई है।

प्रयागराज जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही, स्टेशनों पर अनाउंसमेंट सिस्टम के जरिए लगातार यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी दी जा रही है। रेलवे अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।

एनसीआर के प्रबंधक उपेंद्र चंद्र जोशी और डीआरएम हिमांशु बडोनी ट्रेनों की स्थिति को जांचने और व्यवस्था को बनाए रखने के लिए प्रयागराज जंक्शन पर बनाए गए कंट्रोल टावर पर डटे रहे।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में विशेष ट्रेनों की संख्या और बढ़ाई जा सकती है।

Advertisement

impact add1

Advertisement

impact add1