Saturday 09-May-2026

प्रयागराज महाकुंभ यात्रा का कार्यक्रम टालने की अपील, बिहार सरकार ने जारी किया निर्देश |

प्रयागराज महाकुंभ यात्रा का कार्यक्रम टालने की अपील, बिहार सरकार ने जारी किया निर्देश |

पटना: महाकुंभ का समापन नजदीक आने के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी हुई है। बिहार से रोजाना हजारों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं, जिससे प्रमुख रेलवे स्टेशनों का नजारा छठ और होली जैसे त्योहारों की तरह नजर आ रहा है। ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण यात्रियों को सफर में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हाल ही में हुई भगदड़ की घटना,जिसमें करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है उसके बाद बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिससे स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन सतर्क हो गया है।

बिहार के मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कुछ दिनों के लिए प्रयागराज महाकुंभ यात्रा का कार्यक्रम टाल दें। सरकार का कहना है कि जब रेलवे स्टेशनों पर भीड़ का दबाव कम हो जाएगा, तभी यात्रा करना सुरक्षित रहेगा। रेलवे प्रशासन भी भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने में जुटा हुआ है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

जो श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाने की योजना बना रहे हैं, उन्हें वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतनी चाहिए। रेलवे प्रशासन और स्थानीय सरकार की गाइडलाइंस का पालन करना जरूरी है|

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add2