आरा, इंपैक्ट लाइव टीम।
आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जगदेव नगर मोहल्ले की गली नंबर एक में सोमवार की सुबह दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में पोस्टेड एक सहायक प्रबंधक ने खुदकुशी कर ली है। उनका शव किराये के मकान में पंखे की कुंडी से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। मृत मैनेजर पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिला के पानशीला थाना क्षेत्र के विवेकानंद पार्क पानीहरी (एम) निवासी शंकर साहा के 36 वर्षीय पुत्र सुजय साहा थे। वर्तमान में वह दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक के चरपोखरी बाजार स्थित ब्रांच में सहायक प्रबंधक के पद पर पोस्टेड थे। वह पत्नी और बेटे के साथ शहर के जगदेव नगर की गली नंबर एक में चित्रगुप्त सदन में किराये पर रहते थे। खुदकुशी का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, मैनेजर के खुदकुशी करने की सूचना से मोहल्ले में सनसनी मच गयी।
थानाध्यक्ष विपिन बिहारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम खुदकुशी के कारणों की छानबीन कर रही है। तकनीकी और वैज्ञानिक जांच की मदद ली जा रही है। मोबाइल की सीडीआर का भी विश्लेषण किया जा रहा है। मैनेजर की पत्नी से भी खुदकुशी के कारणों के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की गयी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मैनेजर का परिवार और बैंक में किसी तरह का विवाद तो नहीं था। मैनेजर किसी तरह के तनाव या दबाव में तो नहीं थे, इसकी भी पुलिस पड़ताल कर रही है। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि रोज की तरह मैनेजर सोमवार की सुबह करीब सात बजे जगे और पत्नी व बेटे को दूसरे कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने कमरे का अंदर से दरवाजा बंद कर पंखे की कुंडी से लटक कर खुदकुशी कर ली। कुछ देर बाद उनकी पत्नी ने फोन कर मकान मालिक को बाहर से कमरे का दरवाजा बंद करने की सूचना दी। तब मकान मालिक पहुंचे और खिड़की से झांक कर देखा, तो मैनेजर पंखे की कुंडी से लटके हुए थे। इसके बाद नवादा थाने को सूचना दी गई। तत्काल नवादा थाना पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़ शव को नीचे उतारा गया। सूचना मिलने पर बैंक के अन्य अधिकारी और स्टार भी पहुंचे।
इधर, थानाध्यक्ष के अनुसार परिजनों की ओर से फिलहाल कुछ भी जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि पारिवारिक विवाद सहित हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल निवासी सुजय साहा ने आठ वर्ष पूर्व दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक में नौकरी ज्वाइन की थी। 2021 में वह गड़हनी प्रखंड के दुलारपुर बाजार स्थित दक्षिण ग्रामीण बैंक में प्रबंधक के पद पर पोस्टेड थे। करीब तीन माह पूर्व ही उनका तबादला चरपोखरी बाजार स्थित दक्षिण ग्रामीण बैंक में सहायक प्रबंधक के पद पर हुआ था। तब से वह वहीं नौकरी कर रहे थे। सहायक प्रबंधक चार बहनों के बीच इकलौते और छोटे भाई थे। उनके परिवार में मां, पत्नी रेखा देवी और एक पुत्र है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है। मां और पत्नी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।