Monday 08-Dec-2025

बिहार की पूर्व मंत्री बीमा भारती के घर की कुर्की, इस मामले में हुई कार्रवाई

बिहार की पूर्व मंत्री बीमा भारती के घर की कुर्की, इस मामले में हुई कार्रवाई

पूर्णिया, इंपैक्ट लाइव टीम

बिहार की पूर्व मंत्री और आरजेडी नेता बीमा भारती के भिट्ठा स्थित आवास पर शुक्रवार को कुर्की की गई। इस दौरान भारी संख्या में कई थानों की पुलिस मौजूद रही। कोर्ट के आदेश के बाद कुर्की की प्रक्रिया की गई है। इस मामले में अभी तक आरजेडी की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रुपौली की पूर्व विधायक बीमा भारती का कोई बयान सामने नहीं आया है। दरअसल, चर्चित गोपाल यदुका हत्याकांड में बीमा भारती के पति अवधेश मंडल और बेटा राजा मंडल अभियुक्त हैं। हाल के दिनों में पति ने पूर्णिया व्यवहार न्यायालय में सरेंडर किया था जबकि पुत्र अभी भी फरार चल रहा है। इसी मामले में कुर्की की गई है।

पूर्णिया के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि पूर्व विधायक बीमा भारती के पति और पुत्र पर वारंट निकला हुआ था, जिसमें पति अवधेश मंडल ने आत्मसमर्पण किया था। जबकि पुत्र राजा फरार चल रहा था। अदालत के आदेश पर यह कार्रवाई की गई है।

बताया गया है कि पहले पुलिस बीमा भारती के घर पहुंची पुलिस ने दरवाजों को मशीन से कटवाया और उसके बाद घर में रखे गए फर्नीचर, गैस सिलेंडर समेत अन्य सारे सामान बाहर ले जाया गया। बीमा भारती के घर के सामान को पुलिस अपने साथ ले गई। इससे पहले बीमा भारती के घर पर तीन जुलाई को पुलिस ने कुर्की के लिए इश्तेहार भी लगाया था। इसमें कहा गया था कि कोर्ट में उनके पति और बेटे हाजिर हों अन्यथा घर के सामान की कुर्की की जाएगी। लेकिन पूर्व मंत्री के बेटे राजा ने अभी तक कोर्ट में सरेंडर नहीं किया। इसके बाद पुलिस ने कुर्की जब्ती की कार्रवाई की।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add1