पटना: मान्यता है कि मकर संक्रांति के बाद मौसम में बदलाव होने लगता है. लेकिन इसके विपरीत बिहार में 14 जनवरी से पटना समेत कई जिलों में मौसम का बदलाव होने से अचानक तापमान में कमी और ठंड बढ़ गई है. राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 13.02 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के करीब रहा. वहीं अधिकतम तापमान में अचानक बदलाव के कारण कई जिलों में 5 से 6 डिग्री पारा लुढ़का है. इतना ही नहीं अगले 48 घंटे में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते घना कोहरा के साथ तापमान में गिरावट आने से ठंड के प्रकोप बढ़ने की संभावना है. मौसम विज्ञान की ओर से राज्य में अलर्ट जारी किया गया है. मकर संक्राति की सुबह पटना में घना कोहरा देखने को मिला. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण 16 जनवरी से एक बार फिर ठंड में बढ़ोतरी हो सकती है.मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा ठंड बांका में पड़ी. यहां का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया. इसके बाद रोहतास का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री, पश्चिमीचंपारण का 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं जमुई और मोतिहारी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, अरवल का 10.1 डिग्री, किशनगंज का 10.3 डिग्री, सीवान का 10.6 डिग्री और पटना का 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीँ सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहें है.
डाक्टरों के अनुसार, ठंड में शरीर को फुर्तीला और गर्म रखने के लिए संतुलित और स्वस्थ आहार का सेवन करना जरूरी होता है. गर्म खाद्य पदार्थ का सेवन लाभदायक होता है. रोग प्रतिरोधक शक्ति को मजबूत करने के लिए विटामिन सी युक्त फल जैसे अवाला, अमरूद, संतरा जैसे फलों का सेवन करें. ठंड में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए सूप और गुनगुना पानी पीते रहना चाहिए.