Monday 25-May-2026

अमेरिका जैसी होंगी बिहार की सड़कें, हम जो कहते हैं, वो करते हैं; गया में बोले नितिन गडकरी

अमेरिका जैसी होंगी बिहार की सड़कें, हम जो कहते हैं, वो करते हैं; गया में बोले नितिन गडकरी

गया, इंपैक्ट लाइव टीम।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को बिहार के गया में करोड़ों रुपए की कई योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकापर्ण किया। गडकरी ने गया-डोभी मुख्य सड़क मार्ग पर मगध विश्वविद्यालय के समीप नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 4 वर्षों में बिहार के राष्ट्रीय राजमार्ग को अमेरिका जैसे राष्ट्रीय राजमार्ग की तरह बना देंगे, यह हमारा वादा है। पैसे की कोई कमी नहीं है, सिर्फ ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारी और नेताओं की कमी है, हम जो कहते हैं वह करते हैं, झूठ बोलने वाले नेताओं में हम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि बिहार के लिए केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार विशेष व्यवस्था कर रही हैं। बिहार में सड़कों का जाल बिछेगा। उन्होंने इस मौके पर गया, पटना एवं बिहार की अन्य जिलों में कई रेलवे ओवरब्रिज बनाने की घोषणा की। इसके अलावा कई किलोमीटर तक सड़क बनाने की भी घोषणा की। गडकरी ने कहा कि राज्य के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा की मांग पर पश्चिम चंपारण के बेतिया में गंढक नदी पर फोरलेन बनाया जाएगा। इसके अलावा बिहार में ग्रीन एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। बनारस-सारनाथ से वाया डोभी होते हुए बोधगया तक सड़क बनाई जाएगी।

impact add2

उन्होंने कहा कि आज छह सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ है। उन्होंने कहा कि राजौरी से बख्तियारपुर तक फेज तीन की सड़क का उद्घाटन हुआ है। वहीं फेज एक के तहत बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया गया है। आने वाले समय में बिहार की तस्वीर बदल जाएगी। बिहार के विभिन्न जिलों से पटना तक जाने में कम समय लगेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच का परिणाम है कि आज देश में सड़कों का जाल बिछ रहा है।

Advertisement

impact add5

Advertisement

impact add5