Saturday 19-Sep-2026

मोतिहारी में मर्डर, इंटर के छात्र की निर्मम हत्या; शव को बोरा में लपेटकर खेत में फेंका

मोतिहारी में मर्डर, इंटर के छात्र की निर्मम हत्या; शव को बोरा में लपेटकर खेत में फेंका

मोतिहारी, इंपैक्ट लाइव टीम।

बिहार के मोतिहारी में इंटर के एक छात्र की अज्ञात हत्यारों ने निर्मम हत्या कर दी। मृत छात्र के शव को बोरा में लपेटकर बदमाशों ने धान के खेत में फेंक दिया। मंगलवार की सुबह लाश मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। दिल दहला देने वाली घटना घोड़ासहन थाना क्षेत्र की है। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना घोड़ासहन थाना की पुलिस को दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान निमोईया गांव निवासी रामजी साह के पुत्र विकास कुमार (21 वर्ष) के रूप में की गई है। वह मोतिहारी में रहकर पढ़ाई करता था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। शव को घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ललुआ टोला स्थित कन्या मध्य विद्यालय के समीप धान के खेत से बरामद किया गया है।

impact add1

मृतक विकास के भाई का कहना है कि सोमवार की शाम को वो दोनों जन्माष्टमी का मेला देखने गए थे। मेला देखकर घर लौटने पर दोनों भाई ने 11 बजे तक मोबाइल चलाया। इसके बाद सोने चले गए। सुबह में पता चला कि उसके भाई की हत्या कर दी गई है। उसे नहीं पता कि ये कैसे हुआ। हत्या के कारण का अभी पता नहीं चला है।

इस मामले में सिकरहना एसडीपीओ अशोक कुमार ने बताया कि घोड़ासहन थाना क्षेत्र के ललुआ टोला के सरकारी स्कूल के पास धान के खेत से एक युवक का शव बरामद हुआ है। अनुसंधान चल रहा है। जल्द मामला का खुलासा करते हुए दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement

impact add2

Advertisement

impact add6