मुंगेर, इंपैक्ट लाइव टीम।
बिहार के मुंगेर जिले में बेखौफ अज्ञात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नौलक्खा नवटोलिया निवासी आरजेडी प्रदेश महासचिव पंकज यादव को अपराधियों ने उस समय गोली मार दी, जब वह रोजाना की तरह घर के पास ही मुंगेर-जमालपुर मुख्य मार्ग के नौलक्खा के पास हवाई अड्डा मैदान में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। आरजेडी नेता को अपराधियों ने तीन गोली मारी हैं, जिसमें से एक बोली उनके सीने में लगी है। इलाज के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने आरजेडी नेता पर तीन गोली चलाई है, जिसमें से एक उनको छूकर निकली तो दूसरी उसके सीने में जा लगी। गोली मारने के बाद अपराधी वहां से फरार हो गए। वहीं मैदान में उनके साथ टहल रहे अन्य लोगों के द्वारा तुरंत उन्हें उठाकर शहर के निजी नर्सिंग होम नेशनल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि सुबह जब पंकज मॉर्निंग वॉकिंग कर रहे थे तो दो बाइक सवार जिसमें एक मिट्ठू यादव और नमन यादव पहले तो हवाई अड्डा आकर पंकज यादव को निशाना बनाया, फिर जब हल्ला हुआ तो फायरिंग करते हुए भाग निकले। मिट्ठू यादव के अन्य साथी पहले से रेकी कर रहे थे। वहीं चश्मदीद ने तीन हमलावरों की पहचान कर ली है।
वहीं पंकज यादव के पिता रामचरित्र प्रसाद यादव ने बताया कि मिट्ठू यादव कल भी उसके घर आया था और किसी केस में पंकज यादव से पुलिस ने पैरवी करने को कह रहा था, जिसे पंकज ने नकार दिया था और आज उसने इस घटना को अंजाम दे दिया। नमन यादव के साथ मिलकर उसने पंकज को गोली मार दी।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे सदर डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर कुछ लोगों का नाम सामने आया है, जिसको लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है। साथ ही एक मिट्ठू यादव का भी नाम आया है, जो अपराधी सावन यादव का बहनोई है।
घटना के संबंध में डीएसपी सदर राजेश कुमार ने बताया कि सुबह 6 बजे कॉल आया था कि आरजेडी नेता पंकज यादव को मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने गोली मार दी, जिसके बाद थाना प्रभारी को वहां भेजा गया। अभी तक जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक रुपये के लेनदेन को लेकर इस घटना को अंजाम दिया गया है। सभी पहलुओं पर छानबीन की जा रही है, जल्द ही अपराधी पकड़े जाएंगे।