Saturday 13-Jun-2026

गया के डॉक्टर से साइबर ठगी, 6 दिनों में गंवा दिये 4.40 करोड़ रुपये; शातिरों ने ऐसे फंसाया

गया के डॉक्टर से साइबर ठगी, 6 दिनों में गंवा दिये 4.40 करोड़ रुपये; शातिरों ने ऐसे फंसाया

गया, इंपैक्ट लाइव टीम।

साइबर अपराधियों ने गया शहर के एक नामचीन डॉक्टर को फर्जी सीबीआई जांच और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे 4.40 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। यह रकम चिकित्सक के बैंक खाते से छह दिनों (31 जुलाई से लेकर 5 अगस्त तक) में कई अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराये गये। साइबर थाने ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक साइबर अपराधी ने चिकित्सक को 29 जुलाई को उनके मोबाइल पर कॉल कर खुद को सीबीआई का अफसर बताया।

उनसे कहा गया कि आपके विरुद्ध सीबीआई ने क्रिमिनल केस किया हुआ है। आपके नाम से मुंबई में एचडीएफसी बैंक में खाता खोला गया है। इस खाते में मनी लॉन्ड्रिंग की राशि और अवैध रूप से रकम जमा होता है। अगर आप क्रिमिनल प्रोसिंडिंग से बचना चाहते हैं तो साइबर कोर्ट ने कहा है कि अपने बैंक खाते में जमा रकम को तत्काल अमुक-अमुक बैंक खातों में ट्रांसफर करा दीजिए। इसके बाद उन्हें कुछ बैंक खातों की संख्या और उसका ब्योरा भेजा गया। साइबर अपराधी ने यह भी कहा कि यदि आप ऐसा नहीं करते हैं तो आपके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी होगा और आपको गिरफ्तार कर लिया जायेगा। इसके अलावा तीन करोड़ सिक्युरिटी मनी भी जमा करनी होगी।

साइबर थानाध्यक्ष साक्षी राय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। साइबर ठग के 123 बैंक खातों का पता चला है, जिनमें रकम ट्रांसफर कराया गया है। उनकी जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित बैंकों से उन खातों का केवाईसी प्राप्त किया जा रहा है। अब तक करीब 61 लाख रुपया होल्ड कराया गया है।

Advertisement

impact add1

Advertisement

impact add6