पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
कोलकाता में डॉक्टर की रेप और हत्या मामले को लेकर जमकर सियासत भी हो रही है। बीजेपी ने सवाल किया है कि इंडिया गठबंधन के सभी लोग इस मामले पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। शुक्रवार को बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉक्टर अजय आलोक ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। अजय आलोक ने ममता बनर्जी को 'क्रूरता बनर्जी' तक कह डाला। उन्होंने कहा कि जैसे यूपी में एक बुआ हैं, ठीक वैसे ही बिहार में भी तेजस्वी यादव की एक बुआ है और उनका नाम क्रूरता बनर्जी है।
उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की बुआ ममता बनर्जी नहीं क्रूरता बनर्जी हैं। बंगाल में जो महिला डॉक्टर के रेप के बाद हत्या कर दी गई है, इस मामले पर तेजस्वी यादव का मुंह नहीं खुल रहा है। राहुल गांधी का मुंह 4 दिन बाद खुला तो राहुल की बहन प्रियंका जो कहती हैं कि लड़की है लड़की के हक के लिए लड़ेंगे, उनका तो अभी तक मुंह खुला ही नहीं है।
बीजेपी प्रवक्ता ने अखिलेश यादव पर भी जमकर हमला बोला और कहा कि उनके तो मुंह में लकवा मार गया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह का क्रूर अपराध पश्चिम बंगाल में हुआ है, पूरे देश में इसको लेकर लोग ममता बनर्जी की आलोचना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि ममता बनर्जी सीबीआई जांच को लेकर सच को मिटाना चाह रही हैं।
अजय आलोक ने आरोप लगाया कि सबसे पहले ममता बनर्जी ने बंगाल पुलिस से ही इस घटना की जांच की बात कही और जब कोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपा तो क्रूरता बनर्जी के लोगों ने अस्पताल पर ही हमला कर दिया। जो घटना का स्पॉट था, जहां पर यह घटना हुई थी, वहां पर तोड़फोड़ की गई है. साक्ष्य को मिटाने की कोशिश की गई है।
बता दें कि 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ वीभत्स घटना को अंजाम दिया गया। रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज किया है और लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।