Saturday 13-Jun-2026

बेटे तेजस्वी के जन्मदिन पर लालू यादव का इमोशनल लेटर, कहा- बिहार तुम्हारी तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा

बेटे तेजस्वी के जन्मदिन पर लालू यादव का इमोशनल लेटर, कहा- बिहार तुम्हारी तरफ उम्मीद भरी नजरों से देख रहा

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम

आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव के जन्मदिन के अवसर पर सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक लेटर लिखा है। एक्स पर साझा किए गए पत्र में लिखा गया है कि प्रिय तेजस्वी, तुम्हारे जन्मदिन पर परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि परम पिता आपको हिम्मत, हौसला, ताकत, सेहत, ऊर्जा, आत्मबल और अटूट इच्छा शक्ति प्रदान करे. जनसेवा के जिस पथ पर तुम चल रहे हो उस पर बिना थके, बिना झुके जनता की निरंतर सेवा करते हुए आगे बढ़ते रहो. समाजवाद की मशाल को अपने खून पसीने से रोशन करते रहें।

लालू ने पत्र में आगे लिखा है कि संविधान, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता व लोकतंत्र की रक्षा और गरिमा को सुरक्षित रखने के लिए अपना सर्वस्व अर्पण करने के लिए सदैव तैयार रहें। आपके सारे वचन और सारी कसमें पूर्ण हों, फिर चाहे वह नौजवानों को नौकरी रोज़गार दिलाने की बात हो, स्वास्थ्य शिक्षा और सुरक्षा की बात हो, किसान और मज़दूर के हक़ की बात हो, माताओं, बहनों और दीदियों के सम्मान की बात हो। आप अपने सभी संकल्पों को हर हाल में पूरा कर पाएं यही आशा, प्रार्थना और दुआ करता हूं।

अपने पत्र में लालू ने लिखा कि मैं जानता हूं कि तुम जो कहते हो वो करते हो। जितना तुम काम के धुनी, कमिटमेंट के पक्के और इरादों के जिद्दी हो उतना ही बड़े-बुजुर्गों का आदेश मानने में मुलायम। आज पूरा बिहार तुम्हारी तरफ उम्मीद भरी नज़रों से देख रहा है। उनकी सारी उम्मीदों पर खरा उतरिएगा, उनका साथ दीजियेगा उनकी शक्ति बनियेगा। संकल्पित और समर्पित भाव से सभी को साथ लेकर क़ामयाबी, तरक़्क़ी, और परिवर्तन के रास्ते पर बिहार को आगे बढ़ाने का काम करते रहिये. करते रहिये... लड़ते रहिये... जीतते रहिये...

impact add5

पत्र में आगे लिखा गया है कि 35 वर्ष की उम्र में तुमने इतने उतार-चढ़ाव देखे हैं, बहुत कुछ सीखा और सिखाया भी है। कभी-कभार सोचता हूं कि 25 से 35 वर्ष की आयु उम्र में हम क्या थे, क्या आचार-विचार, सपने-लक्ष्य थे और अब तुम्हारा देखता हूं तो मुझे ख़ुशी और गर्व होता है। बिहार के जन जन का जीवन यशस्वी और तेजस्वी बने इसके लिए कुल देवी-देवता तुम पर अपनी कृपा और आशीर्वाद बनाए रखे। तुम जनता के थे, जनता के हो और सदा जनता के ही रहोगे। जन्मदिन बहुत बहुत मुबारक हो बाबू।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add5