Friday 05-Dec-2025

शराब को लेकर जीतन राम मांझी के बयान पर ये क्या बोल गए मंत्री जी? जानिए

शराब को लेकर जीतन राम मांझी के बयान पर ये क्या बोल गए मंत्री जी? जानिए

पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।

पिछले दिनों केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बंद कमरे में शराब पीने वाले बयान को लेकर खूब बवाल मचा था। विपक्ष ने मांझी के बयान को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा प्रहार किया। अब बिहार सरकार में मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा ने भी जीतन राम मांझी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत के दौरान मद्य निषेध मंत्री रत्नेश सदा ने कहा कि जीतन बाबू केंद्र में मंत्री हैं और बिहार के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। बड़े नेता हैं तो उन्हें इस संबंध (शराबबंदी) में बड़े नेता से बात करनी चाहिए। बात पकड़ने (शराब पीते) की है तो घर में कौन क्या करता है, उसे ताक झांक करने का कोई अधिकार नहीं है। यह व्यक्तिगत मामला है। जैसे मुंगेर में डॉक्टर शराब पीते पकड़ा गया। जज हो या कोई अधिकारी हो घर में शराब पीता है तो पकड़े जाने पर जेल जाता है, जो नहीं पकड़ाते हैं वो बच ही जाते हैं। उन्होंने कहा कि जीतन राम मांझी कहते हैं कि शराब पीने और बेचने के आरोप में कई दलित जेल में हैं। इसे जाति से जोड़कर नहीं देखना चाहिए।

impact add5

एक सवाल के जवाब में रत्नेश सदा ने कहा कि पांच जिलों में शराबबंदी को लेकर अभियान चलाया जाएगा, जिसमें कई जाति धर्म के लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 11 सितंबर से मां सीता की धरती से हमलोग भ्रमण कार्यक्रम सह जागरूकता अभियान चला रहे हैं। अभी तक 5 जिलों में यह कार्यक्रम हो चुका है। इस अभियान में सभी धर्म और जाति के लोगों को आमंत्रित करते हैं। शराब को ना कहना है और शिक्षा से जुड़ने का संकल्प दिला रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मीडिया से बातचीत के दौरान जीतन राम मांझी ने शराबबंदी पर बड़ा बयान दिया था। मांझी ने कहा था कि बिहार में शराब पीने और बेचने वाले बड़े लोग बच जाते हैं लेकिन गरीब, दलित और पिछड़ा समाज के लोग जेल चले जाते हैं। उन्होंने दावा किया था कि वे सभी सफेद पोश रात में बंद कमरे में शराब का सेवन करते हैं।

Advertisement

impact add3

Advertisement

impact add5