पटना, इंपैक्ट लाइव टीम।
मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह को लेकर पटना हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने अनंत सिंह को साक्ष्य के अभाव में एके 47 मामले में बरी कर दिया है। अब इसे लेकर खूब राजनीतिक बयानबाजी हो रही है। वहीं, इस पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके साथ (जेडीयू) अनंत सिंह नहीं थे तो अपराधी थे और अब अपराधी नहीं हैं। अब मुक्त हो गए। तेजस्वी ने तंज कसते हुए यह भी कहा है कि नीतीश कुमार कहां किसी को फंसाते हैं और बचाते हैं। यह तो देख लीजिए, यह तो जग जाहिर हो गया। ये तो साफ लोगों को दिख रहा है कि कितनों को बचाते हैं और कितनों को फंसाते हैं। यही काम है।
वहीं राज्य में क्राइम के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार थक चुके हैं और उनसे बिहार चलने वाला नहीं है। नीतीश कुमार से विभाग नहीं चल रहा है। नीतीश कुमार का इकबाल खत्म हो गया है। तेजस्वी ने दावा करते हुए यहां तक कह दिया कि अब नीतीश कुमार को दोबारा बिहार की जनता सत्ता में नहीं लाएगी।