पटना /मुंबई, इंपैक्ट लाइव टीम।
बॉलीवुड एक्ट्रेस महिमा चौधरी ने एक कार्यक्रम के दौरान अपने व्यक्तिगत अनुभव को साझा करते हुए कहा कि कैंसर डायग्नोस्टिक्स से उनका गहरा जुड़ाव है। खुद एक ब्रेस्ट कैंसर सर्वाइवर होने के नाते उन्होंने कैंसर मरीजों के लिए इस अत्याधुनिक तकनीक के महत्व पर जोर दिया। दरअसल, आईआईटी बॉम्बे में प्रोटिओमिक्स लैब, बायोसाइंसेज और बायोइंजीनियरिंग विभाग की ओर से एक कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसका नाम था पायनियरिंग द फ्यूचर ऑफ हेल्थकेयर एंड डायग्नोस्टिक्स यूज़िंग 4D ओमिक्स।
महिमा चौधरी ने कैंसर मरीजों के लिए इस अत्याधुनिक तकनीक के महत्व पर जोर दिया। महिमा ने कहा कि कैंसर मेरे दिल के बेहद करीब का विषय है और यहां इस प्रभावशाली तकनीक का उद्घाटन देखना मेरे लिए गर्व की बात है। 4D ओमिक्स प्लेटफॉर्म, खासकर इसके कैंसर डायग्नोस्टिक्स में इस्तेमाल, उन अनगिनत लोगों के लिए आशा की किरण है, जिनका जीवन इस बीमारी से प्रभावित हुआ है। महिमा चौधरी ने IIT बॉम्बे और इस पहल में शामिल वैज्ञानिकों के प्रति अपनी सराहना व्यक्त करते हुए कहा कि 4D ओमिक्स तकनीक की क्षमता अद्भुत है। मुझे गर्व महसूस हो रहा है कि IIT बॉम्बे में इतने महत्वपूर्ण आविष्कार हो रहे हैं। मुझे विश्वास है कि यह तकनीक हेल्थकेयर को, न केवल कैंसर पेशेंट्स के लिए बल्कि सभी के लिए, पूरी तरह से बदलने की शक्ति रखती है।
इस कार्यक्रम के संयोजक और प्रोटिओमिक्स विशेषज्ञ प्रोफेसर संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि हेल्थकेयर और डायग्नोस्टिक्स में 4D ओमिक्स टेक्नोलॉजी का महत्व खासकर कैंसर और क्रॉनिक बीमारियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 4D ओमिक्स रिसर्च में एक टाइम बेस्ड डाइमेंशन जोड़ता है। इसमें जीनोमिक्स, प्रोटिओमिक्स, ट्रांसक्रिप्टोमिक्स, और मेटाबोलोमिक्स को समय-संवेदनशील एनालिसिस के साथ जोड़ा जाता है, जिससे बीमारियों की प्रगति और थेरेपी के प्रभाव का अनूठा दृष्टिकोण प्राप्त होता है। इस संगोष्ठी और इंडिया के पहले timsTOF 4D-प्रोटिओमिक्स सेटअप का लॉन्च, हेल्थकेयर के परिणामों को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कॉन्फ्रेंस में प्रमुख अतिथियों के रूप में डॉ. बलराम भार्गव (पूर्व महानिदेशक, ICMR) और हार्वर्ड मेडिकल स्कूल की डॉ. जूडिथ स्टीन शामिल हुए। डॉ. भार्गव ने 4D ओमिक्स तकनीक की संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि मल्टी-डाइमेंशनल ओमिक्स डेटा का इंटीग्रेशन पर्सनलाइज्ड मेडिसिन के नए रास्ते खोलता है। यह कैंसर डायग्नोस्टिक्स और मैटरनल और चाइल्ड हेल्थकेयर में क्रांतिकारी बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके साथ ही इस कार्यक्रम में भारत का पहला timsTOF 4D-प्रोटिओमिक्स सेटअप का आधिकारिक लॉन्च हुआ, जिसे प्रोफेसर श्रीवास्तव और IIT बॉम्बे के पूर्व छात्र डॉ. अर्घ्य बनर्जी द्वारा स्थापित प्रोटिओमिका इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रस्तुत किया गया। यह अत्याधुनिक इक्विपमेंट, सोसाइटी फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (SINE) के सहयोग से विकसित किया गया है, और भारत में हेल्थकेयर डायग्नोस्टिक्स को नए आयाम देने में सक्षम होगा।