नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की कुल 288 और झारखंड विधानसभा के लिए दूसरे चरण की 38 सीटों पर चुनाव के लिए सोमवार शाम पांच बजे सार्वजनिक प्रचार अभियान थम गया। दोनों राज्यों में मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और अधिकांश सीटों पर शाम छह बजे तक वोट डाले जायेंगे। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस जैसे प्रमुख राष्ट्रीय दलों और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों, शिव सेना और शिव सेना (उद्धव बाल ठाकरे) के अलावा समाजवादी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मस्लमीन (एआईएमआईएम) के स्टार प्रचारकों और अन्य क्षेत्रीय नेताओं ने धुंआधार रैलियां निकाली एवं प्रचार किया।
भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार किया। भाजपा के साथ महायुति गठबंधन के प्रचार में शिव सेना के नेता एवं मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस और राकांपा के नेता एवं उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दिन-रात एक किया। वहीं कांग्रेस के ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा प्रदेश पार्टी अध्यक्ष नाना पटोले और अन्य नेताओं ने बड़ी रैलियां की और एमवीए के दिग्गज प्रचारकों में पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मोर्चा संभाले रखा। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने प्रचार के दौरान एक-दूसरे पर विभाजनकारी राजनीति करने और संविधान का तिरस्कार करने का आरोप लगाया तथा तल्खियां इतनी बढ़ गयी की दोनों पार्टियां एक दूसरे के खिलाफ चुनाव आयोग पहुंच गयी।
सार्वजनिक चुनाव प्रचार का दौर समाप्त होने के बाद उम्मीदवार और उनके समर्थक निजी संपर्क के माध्यम से समर्थन जुटाने में लग गये हैं। प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मुंबई में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया और महायुति और महाविकास आघाड़ी दोनों ही गठबंधन के नेताओं की आज कई बड़ी रैलियां कीं।
चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र विधानसभा के चुनावी मैदान में 3771 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे है। राज्य की 288 सीटों में से अनुसूचित जाति के लिए 29 और अनुसूचित जनजाति के लिए 25 सीटें आरक्षित हैं। राज्य में कुल 9,70,25,119 मतदाताओं को नाम पंजीकृत हैं। जिनमें 5,00,22,739 पुरुष, 4,69,96,279 महिला तथा 6031 उभयलिंगी मतदाता हैं। इसके अलावा 1,16,355 सेवा मतदाता, 01 जनवरी और 01 जुलाई 2024 के बीच 18 से 19 वर्ष की आयु वाले 20,93,206 युवा मतदाताओं का नाम पंजीकृत किया गया है जो इस बार पहली बार मतदान करेंगे। इसके अलावा 6,36,278 दिव्यांग और 85 वर्ष से अधिक आयु के 12,43,192 मतदाता मताधिकार को इस्तेमाल करेंगे। महाराष्ट्र में इस बार मतदाताओं के मतदान के लिए 1,011,186 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। पिछली विधानसभा के चुनाव में आयोग ने 96,653 मतदान केन्द्र बनाये गये थे।