Monday 17-Aug-2026

विधानसभा चुनाव: जम्मू-कश्मीर में पहले चरण की 24 सीटों पर मतदान जारी, वोटरों में दिखा गजब का उत्साह

विधानसभा चुनाव: जम्मू-कश्मीर में  पहले चरण की 24 सीटों पर मतदान जारी, वोटरों में दिखा गजब का उत्साह

कश्मीर, इंपैक्ट लाइव टीम।

केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार सुबह सात बजे से जारी है। चुनाव आयोग की ओर से जारी बयान के अनुसार सुबह 11 बजे तक 26.72 प्रतिशत मतदान हुआ है। केन्द्र शासित प्रदेश में 10 वर्षों के बाद चुनाव कराये जा रहे है। प्रदेश की कुल 90 विधानसभा सीटों के लिए तीन चरणों में मतदान कराये जा रहे है। जिसमें पहले चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से शुरू हो गया। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा।

प्रदेश में आज पहले चरण में सात जिलों के 24 सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। जिसमें आठ सीटें जम्मू संभाग की और 16 दक्षिण कश्मीर क्षेत्र के हैं। सुबह से ही मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केन्द्र के बाहर लंबी-लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। केन्द्र शासित प्रदेश में आज पहले चरण में मतदान सात जिलों अनंतनाग, डोडा, किश्तवाड, कुलगाम, पुलवामा, रामबन और शोपियां में हो रहे है। मतदान के पहले दो घंटों में नौ बजे तक किश्तवाड जिले में सबसे अधिक 14.83 प्रतिशत मतदान हुआ और सबसे कम पुलवामा में 9.18 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा अनंतनाग में 10.26 प्रतिशत, डोडा में 12.90, कुलगाम में 10.77, रामबन में 11.91 और शोपियां में 11.44 प्रतिशत मतदान हुआ।

impact add6

इस चरण में 5.66 लाख युवाओं सहित लगभग 23.27 लाख व्यक्ति अपने मताधिकार का प्रयोग कर 219 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन में बंद करेंगे। दक्षिण कश्मीर क्षेत्र की जिन 16 सीटों पर आज मतदान हो रहा है उनमें पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियां, डी.एच. पोरा, कुलगाम, देवसर, डूरू, कोकरनाग (सुरक्षित), अनंतनाग पश्चिम, अनंतनाग, श्रीगुफवारा-बिजबेहरा, शांगस-अनंतनाग पूर्व और पहलगाम निर्वाचन क्षेत्र शामिल है। जम्मू क्षेत्र के इंदरवाल, किश्तवाड़, पद्दर-नागसेनी, भद्रवाह, डोडा, डोडा पश्चिम, रामबन और बनिहाल निर्वाचन क्षेत्र में मतदान जारी है। प्रदेश में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये है। अभी तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की रिपोर्ट सामने नहीं आयी है। केन्द्र शासित प्रदेश में दूसरे और तीसरे एवं अंतिम चरण का मतदान क्रमश: 25 सितंबर और एक अक्टूबर को होगा। चुनाव परिणाम 8 अक्टूबर को आयेंगे। चुनाव प्रक्रिया 10 अक्टूबर तक संपन्न होगी।

Advertisement

impact add4

Advertisement

impact add3