नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज कहा कि कनाडा के ओंटारियो में एक हिंदू मंदिर में खालिस्तानी चरमपंथियों द्वारा की गई हिंसा की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और घटना के वीडियो फुटेज इस बात का पुख्ता प्रमाण हैं कि कनाडा सरकार द्वारा उग्रवादी तत्वों को राजनीतिक तवज्जो दी जा रही है। विदेश मंत्री जयशंकर ने कैनबरा में ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बात कही।
कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में पिछले साल खालिस्तानी उग्रवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय संलिप्तता के कनाडा सरकार के आरोपों पर एक सवाल का जवाब देते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि कनाडा ने विवरण दिए बिना आरोप लगाने की एक शैली विकसित की है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सच्चाई यह भी है कि कनाडा भारतीय राजनयिकों को निगरानी में रख रहा है जो हमें एकदम अस्वीकार्य है। ब्रैम्पटन घटना पर उनकी प्रतिक्रिया पूछे जाने पर विदेश मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान जारी किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपनी चिंता व्यक्त की है।
उन्होंने कहा कि कल हिंदू मंदिर में जो हुआ वह बेहद चिंताजनक है। आपने कल भारत के विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता का बयान और हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से व्यक्त की गई चिंता को देखा होगा। इससे आपको पता चल जाएगा कि हम इसके बारे में कितनी गहराई से महसूस करते हैं। विदेश मंत्री ने आगे कहा कि ओंटारियो के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर परिसर के अंदर हुई हिंसा के वीडियो प्रसारित हुए हैं जो यह दर्शाते हैं कि वहां भारत विरोधी उग्रवादी ताकतों को कितनी राजनीतिक जगह दी जा रही है।