नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में गुरुवार को आतंकवादियों ने यात्रियों को ले जा रहे तीन वाहनों को निशाना बनाकर हमला किया, जिसमें कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई जबकि 20 अन्य लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आतंकवादियों ने अफगानिस्तान की सीमा से लगे प्रांत के कुर्रम जिले में वाहनों पर घात लगाकर हमला किया। पीटीआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक एक स्थानीय पत्रकार ने बताया कि तालिबान के प्रभुत्व वाले इलाकों में गाड़ियों पर घात लगाकर हमला किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि इस काफिले में 200 से अधिक वाहन शामिल थे।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री अली अमीन खान गंडापुर ने इस हमले की कड़ी निंदा की और उन्होंने अपने प्रांतीय कानून मंत्री और मुख्य सचिव को कुर्रम जाने का आदेश दिया। उनके साथ एक प्रतिनिधिमंडल भी भेजा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रांत की सभी सड़कों को सुरक्षित करने के लिए एक प्रांतीय राजमार्ग पुलिस इकाई की स्थापना पर काम करने का भी निर्देश दिया। गंडापुर ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और पीड़ितों के परिवारों के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा की। उन्होंने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना बेहद दुखद और निंदनीय है. इस घटना में शामिल लोग कानून की पकड़ से बच नहीं पाएंगे।
इन हमलों को पिछले कई सालों में हुए हमलों में सबसे गंभीर माना जा रहा है। एपी न्यूज एजेंसी के मुताबिक यात्रीगण पाराचिनार से पेशावर जा रहे थे। जहां पर हमला किया गया, वह एरिया कुर्रम जिले में पड़ता है।
प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी जावेद उल्ला महसूद ने एएफपी न्यूज एजेंसी को बताया कि कुर्रम जिले में शिया लोगों के दो अलग-अलग काफिलों को आतंकवादियों ने निशाना बनाया। उन्होंने मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी की बात कही है। पुलिस ने यह भी बताया कि पीड़ितों में महिलाएं, कई बच्चे और पुलिस अधिकारी शामिल हैं। उनके अनुसार इन हमलों में कम से कम 10 हमलावर शामिल थे और उन्होंने सड़क के दोनों किनारों से अंधाधुंध गोलियां चलाईं।