Tuesday 03-Nov-2026

खानाबदोशों के दो समूह आपस में भिड़े, 3 महिलाओं समेत 5 लोगों की बेरहमी से हत्या

खानाबदोशों के दो समूह आपस में भिड़े, 3 महिलाओं समेत 5 लोगों की बेरहमी से हत्या

भुवनेश्वर, इंपैक्ट लाइव टीम।

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के करमडीही गांव में मंगलवार देर रात विवाहेतर संबंध को लेकर हुए संघर्ष में महाराष्ट्र से आये खानाबदोश समूह की तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गयी और चार अन्य घायल हो गये। पुलिस ने बुधवार को बताया कि महाराष्ट्र के वर्धा के खानाबदोशों के दो समूह जो पिछले कुछ महीनों से ओडिशा के एक गांव में रह रहे थे, विवाहेतर संबंध को लेकर आपस में भिड़ गये।
झगड़ा तब शुरू हुआ, जब एक समूह का अविनाश पवार दूसरे समूह की एक महिला को जबरन ले आया, क्योंकि उसकी पत्नी के उसी समूह के एक व्यक्ति के साथ विवाहेतर संबंध चल रहे थे।

अविनाश पवार का समूह सो रहा था, तभी दूसरे समूह के सदस्यों ने कथित तौर पर उन पर घातक हथियारों से हमला किया जिससे पांच लोगों की मौत हो गयी। इस घटना में अविनाश, एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने अविनाश की दूसरी पत्नी और दो बच्चों का अपहरण कर लिया। नृशंस हत्याओं की सूचना मिलने पर पश्चिमी रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक बृजेश रे, सुंदरगढ़ के पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीमों और श्वान दस्ते के साथ गांव पहुंचे।

impact add5

पुलिस ने कहा कि घायलों को सुंदरगढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में पता चला है कि चार हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर गांव में घुसे और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने निकास मार्गों को सील कर दिया है और झारसुगुड़ा तथा संबलपुर पुलिस को सतर्क कर दिया है। 

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। पुलिस की कई टीमों ने छापेमारी की है और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आसपास के थानों को सतर्क कर दिया गया है।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add1