नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के द्वारा सिखों को लेकर दिए बयान पर सियासी घमासान बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच, कांग्रेस ने बीजेपी नेता और पूर्व विधायक तरविंदर सिंह मारवाह का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह राहुल गांधी को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी वाला हाल होने की धमकी दे रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ने अपने 'एक्स' हैंडल पर वीडियो शेयर किया है। राहुल गांधी की ओर से भारत में सिखों को धार्मिक स्वतंत्रता नहीं होने का आरोप लगाने के बाद बीजेपी के सिख नेताओं ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। तरविंदर सिंह मारवाह दो साल पहले तक कांग्रेस में थे। जुलाई 2022 में वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे।
कांग्रेस ने बीजेपी नेता तरविंदर सिंह के विवादित बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कार्रवाई करने को कहा है। कांग्रेस ने एक्स पर लिखा है कि दिल्ली बीजेपी का नेता और पूर्व विधायक, तरविंदर सिंह मारवाह ने आज प्रदर्शन के दौरान कहा, राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ। बीजेपी का ये नेता खुलेआम देश के नेता प्रतिपक्ष की हत्या की धमकी दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, अपनी पार्टी के इस नेता की धमकी पर आप चुप नहीं रह सकते हैं। ये बेहद गंभीर मामला है। आपकी पार्टी की नफरत की फैक्ट्री का ये प्रोडक्ट है। इस पर कार्रवाई करनी ही होगी।
दिल्ली BJP का नेता और पूर्व विधायक, तरविंदर सिंह मारवाह ने आज प्रदर्शन के दौरान कहा:
— Congress (@INCIndia) September 11, 2024
“राहुल गांधी बाज आ जा, नहीं तो आने वाले टाइम में तेरा भी वही हाल होगा जो तेरी दादी का हुआ”
BJP का ये नेता खुलेआम देश के नेता प्रतिपक्ष की हत्या की धमकी दे रहा है.@narendramodi जी, अपने… pic.twitter.com/tGisA5dfNu
गौरतलब है कि अमेरिका दौरे पर राहुल गांधी ने कहा था कि भारत में सिख समुदाय के बीच इस बात की चिंता है कि उन्हें पगड़ी, कड़ा पहनने की इजाजत मिलेगी या नहीं? क्या वो गुरुद्वारे जा पाएंगे? यह चिंता सिर्फ सिखों की नहीं, बल्कि सभी धर्मों के लोगों की है।